कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी के शीर्ष नेता आशुतोष रांका ने हाल ही में एक इंटरव्यू में कई बातें कही हैं। उन्होंने बताया कि जंतर मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान भारतीय जनता पार्टी से जुड़े लोग भी उनका समर्थन कर रहे थे। हालांकि, इस दौरान उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया। रांका ने कहा कि केंद्रीय मंत्रियों के बच्चों ने उन्हें समर्थन के संदेश भेजे हैं। उन्होंने यह भी साफ किया कि सीजेपी किसी को भाजपा को वोट देने से नहीं रोक रही है।

हस्तक्षेप पॉडकास्ट में रांका ने कहा कि वह किसी को भाजपा को वोट देने से नहीं रोक रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर राजस्थान में शिक्षा सचिव को बुलाकर संवाद किया जाता तो बेहतर होता। उन्होंने दावा किया कि कर्नाटक और पंजाब की सरकारों ने रचनात्मक तरीके से बातें सुनीं, लेकिन भाजपा की मानसिकता यही है कि उनसे कोई सवाल न करे। रांका ने कहा कि अब जेन जेड इसे सहन नहीं करता और वे सवाल करते रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वे आज भी सरकार से किसी भी मुद्दे पर बात करने को तैयार हैं।

जंतर मंतर पर समर्थन को लेकर पूछे गए सवाल पर रांका ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान कई काउंसलर और एमएलए वहां आते थे, लेकिन वे पीछे ही रहते थे। उन्होंने कहा कि भाजपा से जुड़े लोग भी आते थे और केंद्रीय मंत्रियों के बच्चों ने उन्हें समर्थन के संदेश भेजे हैं।

बता दें कि जून और जुलाई के बीच सीजेपी के बैनर तले दिल्ली के जंतर मंतर पर बड़ा प्रदर्शन हुआ था। तब सीजेपी ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने समेत कई मांगें की थीं। आंदोलन मुख्य रूप से पेपर लीक के मुद्दे के खिलाफ था और सरकार की ओर से मांगें माने जाने के बाद इसे खत्म कर दिया गया था। इसके बाद पार्टी ने एसआईआर और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ भी मोर्चा खोल दिया था। अक्टूबर में इसको लेकर बुलाए गए प्रदर्शन से पहले एयरपोर्ट से तीनों नेताओं अभिजीत दीपके, रांका और सौरभ दास को हिरासत में ले लिया गया था, जिन्हें बाद में रिहा कर दिया गया। इसके बाद रांका और दास को जंतर मंतर में प्रवेश करने पर हिरासत में लिया गया था। दरअसल, जंतर मंतर को प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटा दिया गया है।