संसद के शीतकालीन सत्र से पहले परिसीमन से जुड़े विधेयक को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। भाजपा अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने कहा है कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम बहुत जल्द लागू किया जाएगा। हालांकि, सरकार की ओर से इस पर औपचारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है।

नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 में पारित हो चुका है, लेकिन अभी लागू नहीं हुआ है। खबरों के मुताबिक, सरकार परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को पेश करने की कोशिश में है, जिसके तहत लोकसभा की सीटें 543 से बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है। विपक्ष की मांग है कि महिलाओं के लिए आरक्षण मौजूदा सीटों पर ही मिले। भाजपा पहले कह चुकी है कि परिसीमन के बिना आरक्षण लागू करना संभव नहीं है।

रविवार को चंडीगढ़ में नगर निगम चुनावों से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा था कि महिलाओं के स्वाभिमान और सुरक्षा के साथ-साथ आने वाले समय में उन्हें उनके अधिकारों के मामले में भी आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम बहुत जल्द लागू किया जाएगा और चिंता की कोई बात नहीं है।

सूत्रों के हवाले से खबर है कि शीतकालीन सत्र दिसंबर के पहले सप्ताह में शुरू हो सकता है। विधेयक पारित कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत जरूरी है। मौजूदा 540 सदस्यीय लोकसभा में इसके लिए 361 मतों की आवश्यकता होगी, जबकि तीन सीटें रिक्त हैं। एनडीए के पास करीब 320 सदस्य होने की खबर है, ऐसे में सरकार को विपक्ष के कुछ दलों का समर्थन लेना होगा। सरकार के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने भरोसा जताया है कि विधेयक 15 से 18 मतों के अंतर से पारित हो जाएगा। वहीं, विपक्षी दलों ने अपने सांसदों को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर एक दिन के नोटिस पर दिल्ली में उपलब्ध रहने की सलाह दी है।