पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के बीच गठबंधन की रूपरेखा लगभग तय हो चुकी है। अगले साल की शुरुआत में होने वाले चुनाव में दोनों दल एक बार फिर साथ लड़ेंगे। सूत्रों के मुताबिक गठबंधन की आधिकारिक घोषणा दिसंबर के दूसरे सप्ताह में हो सकती है। इस बार भाजपा पिछले गठबंधनों के मुकाबले लगभग दोगुनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। भाजपा के अधिकांश उम्मीदवार शहरी और अर्ध शहरी क्षेत्रों में उतारे जाएंगे, जबकि लगभग एक दर्जन ग्रामीण सीटों पर भी पार्टी चुनाव लड़ सकती है।

गठबंधन को लेकर दोनों दलों में कोई मतभेद नहीं बताया जा रहा है, केवल सीटों की संख्या पर अंतिम दौर की चर्चा चल रही है। सूत्रों के अनुसार अकाली दल भाजपा को लगभग 45 सीटें देने को तैयार है, वहीं भाजपा करीब 55 सीटों का दावा कर रही है। करीब 10 से 12 सीटें ऐसी हैं जिन पर दोनों दल अपना दावा ठोक रहे हैं। भाजपा का कहना है कि बीते वर्षों में दूसरे दलों से आए नेताओं के प्रभाव को देखते हुए वह अकाली दल के उम्मीदवारों से बेहतर स्थिति में है, इसलिए जीत को आधार मानकर वह अधिक सीटों पर दावा कर रही है।

गौरतलब है कि पिछली बार गठबंधन के दौरान अकाली दल को 94 और भाजपा को 23 सीटें मिली थीं। अकाली दल ने सितंबर 2020 में तीन कृषि कानूनों के विरोध में भाजपा के साथ अपना 24 साल पुराना गठबंधन तोड़ दिया था। ये तीनों कृषि कानून अब निरस्त किए जा चुके हैं। पंजाब के मौजूदा राजनीतिक हालात में दोनों दलों के नेताओं को लग रहा है कि मिलकर चुनाव लड़कर राज्य में सत्ता तक पहुंचा जा सकता है।

इस बीच पिछले सप्ताह आम आदमी पार्टी, शिरोमणि अकाली दल और कांग्रेस को झटका देते हुए लुधियाना, मोगा और 33 जिलों के कई प्रमुख नेता अपने समर्थकों सहित भाजपा में शामिल हुए। चंडीगढ़ स्थित पंजाब भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने उन्हें पार्टी में शामिल करवाया। इनमें मोगा से आप नेता और प्रवक्ता नवदीप सिंह सांघा, लुधियाना के रायकोट आत्म नगर क्षेत्र से वरिष्ठ अकाली नेता सुरिंदर सिंह चौहान और संगरूर के लहरागागा से पंजाब यूनिवर्सिटी के पूर्व एनएसयूआई अध्यक्ष हार्दिक नैन प्रमुख थे।