लखनऊ। विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल के गठबंधन टूटने का मुद्दा फिर चर्चा में है। रालोद अध्यक्ष और केंद्रीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव से अलग होने की वजह बताई। उन्होंने कहा कि सपा हर बात में दखलअंदाजी करती थी, जिससे बनी परिस्थितियों में उन्हें दूसरा रास्ता चुनना पड़ा।

एक मीडिया हाऊस के कार्यक्रम में जयंत चौधरी ने कहा कि राजनीति में रिश्तों से ज्यादा संगठन के हित और उद्देश्यों को प्राथमिकता देनी पड़ती है। सवाल रिश्ते और दोस्ती का नहीं, बल्कि उद्देश्य का होता है। सपा के साथ गठबंधन में रहते हुए हर चीज के चयन पर दखलअंदाजी की वजह से ही उन्होंने रास्ते बदले।

भाजपा के साथ गठबंधन के संबंध में उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न दिए जाने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह इस सर्वोच्च नागरिक सम्मान के हकदार थे और भारत सरकार ने उन्हें सम्मान दिया है, ऐसे में भाजपा के साथ हाथ मिलाने पर किसी को बुरा नहीं लगना चाहिए।

अखिलेश यादव से रिश्तों में तल्खी के सवाल पर जयंत चौधरी ने कहा कि दोनों आज भी मुस्कुराकर मिलते हैं। हालांकि कुछ बातें बंद दरवाजों में ही रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सहमति-असहमति और मुश्किलें हर रिश्ते में आती हैं और लोकतंत्र में किसी एक फैसले से रिश्ते हमेशा के लिए खराब नहीं होने चाहिए।