कानपुर देहात में साध्वी निरंजन ज्योति के आश्रम में आयोजित कथा उत्सव में पहुंचीं राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष और भाजपा नेता अपर्णा यादव ने समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने आजम खान को असुर और भयंकर बताते हुए लोगों से ऐसे लोगों की चर्चा न करने और कथा पर ध्यान देने की बात कही।
कार्यक्रम में भाग लेने के बाद अपर्णा यादव ने कहा कि कार्तिक मास में इस तरह की कथा का आयोजन हो रहा है और इसमें शामिल होकर अच्छा लगा। उन्होंने कहा कि सभी लोगों ने कथा सुनी है और इससे अच्छी शिक्षा लेकर जा रहे हैं। आजम खान के जेल से बाहर आने के बाद की राजनीति पर उन्होंने कहा कि कथा को सुनना चाहिए और ऐसे असुर-भयंकरों की बात नहीं करनी चाहिए।
यूपी चुनाव 2027 को लेकर अपर्णा यादव ने कहा कि इस बार भी प्रचंड बहुमत से सरकार बनने जा रही है और भाजपा की सरकार बनेगी। महिला आरक्षण पर विपक्ष की ओर से रोड़े अटकाए जाने पर उन्होंने कहा कि ये लोग हमेशा से इसके विरोधी रहे हैं और केवल अपने परिवार की महिलाओं को ही आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने नया संसद बनने के बाद पहला बिल नारी शक्ति वंदन अधिनियम को पारित कराया।
बता दें कि आजम खान सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद जेल से बाहर आए हैं और तब से भाजपा तथा केंद्र एवं प्रदेश की सरकार पर हमलावर रुख अपनाए हुए हैं। उन पर सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने भी निशाना साधा है। अपर्णा यादव पहले भी आजम खान पर हमलावर रही हैं। समाजवादी पार्टी में रहते हुए उन्होंने 2019 में जया प्रदा पर बयान मामले में आजम खान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी और इसी साल रमा देवी पर टिप्पणी मामले में माफी मांगने की बात कही थी।
