झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में भारतीय जनता पार्टी ने एमएमडीआर और एसआईआर के मुद्दे पर झामुमो-कांग्रेस गठबंधन के "झूठे नैरेटिव" का जवाब देने की तैयारी की है। सोमवार को प्रदेश कार्यालय में हुई विधायक दल की बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू समेत सभी नेताओं ने दो दिनों के सत्र में सदन में सच्चाई रखने की बात की। विधायकों ने एक सुर से कहा कि वे एमएमडीआर और एसआईआर पर फैलाए जा रहे झूठे नैरेटिव का पुरजोर जवाब देंगे।
बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा विधायक दल के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी देशभर में एसआईआर और एमएमडीआर के मुद्दे पर झूठ फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस के समर्थन से सरकार चल रही है और राज्य के प्रशासनिक अधिकारी ही एसआईआर की पूरी प्रक्रिया संपन्न करा रहे हैं। ऐसे में एसआईआर पर आपत्ति करना अपनी ही सरकार को कटघरे में खड़ा करना है।
जायसवाल ने आरोप लगाया कि एमएमडीआर पर कांग्रेस शासित राज्यों को भी आपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार कोयला पर सेस लगाकर उसकी कीमत बढ़ा रही है, जिसकी वजह से पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कोयला उद्योगपति खरीद रहे हैं। उनका आरोप था कि राज्य में कोयला चोरी जारी रहे, इसके लिए एमएमडीआर का विरोध किया जा रहा है और राज्य सरकार झूठा नैरेटिव फैला रही है। उन्होंने कहा कि एसआईआर और एमएमडीआर दोनों आम लोगों के हित में हैं।
भाजपा विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि बांग्लादेशी और रोहिंग्या मुसलमानों के नाम वोटर लिस्ट से नहीं कटने की वजह से ही इसका विरोध किया जा रहा है।
