पुणे में वीर सावरकर के परपोते सात्यकी सावरकर ने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को कानूनी नोटिस भेजा है। यह नोटिस सोनिया गांधी की आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में सावरकर के कथित गलत चित्रण को लेकर भेजा गया है। सात्यकी सावरकर के वकील संग्राम कोल्हटकर के अनुसार किताब के पन्नों 201 और 443 पर वीर सावरकर के बारे में गलत जानकारी दी गई है।

नोटिस में सोनिया गांधी को 15 दिन का समय दिया गया है। सावरकर पक्ष ने इस अवधि के भीतर बिना शर्त माफी, स्पष्टीकरण और सुधार की मांग की है। वकील कोल्हटकर ने कहा कि अगर सोनिया गांधी कोई जवाब नहीं देती हैं, तो पुणे जिला अदालत में उनके खिलाफ याचिका दायर की जाएगी। फिलहाल उनका पूरा ध्यान मानहानि पर है, खासकर वीर सावरकर की मानहानि पर।

कोल्हटकर के अनुसार वे अभी और रिसर्च कर रहे हैं, क्योंकि इसमें कुछ अन्य कानूनी प्रावधान भी लागू हो सकते हैं। उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले राहुल गांधी के खिलाफ भी मानहानि का केस किया गया था।

इस विवाद से पहले महाराष्ट्र में शिवसेना (शिंदे गुट) सहित कई नेताओं ने किताब की इन टिप्पणियों का विरोध किया था। उन्होंने किताब के इन पन्नों को हटाने या राज्य में प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई थी।