केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की ओर से काशी-तमिल संगमम् का पांचवां संस्करण 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक वाराणसी में आयोजित किया जाएगा। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, उद्घाटन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल हो सकते हैं। इस बार उद्घाटन समारोह नमो घाट पर होगा और प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

सूत्रों के अनुसार गृह मंत्री 28 नवंबर को बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचकर सड़क मार्ग से सीधे नमो घाट जाएंगे और कार्यक्रम में भाग लेने के बाद अपने दौरे पर आगे बढ़ जाएंगे। इस कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी आने का प्रस्ताव है। अभी सभी वीवीआईपी के लिए मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है।

काशी-तमिल संगमम् उत्तर और दक्षिण भारत की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और भाषाई विरासत को जोड़ने का महत्वपूर्ण आयोजन है, जिसके जरिए काशी और तमिलनाडु के सदियों पुराने संबंधों को और मजबूत किया जा रहा है। इस बार का थीम 'थिरुक्कुरल पयिलोम' है, जिसमें शास्त्रीय तमिल ग्रंथ तिरुक्कुरल की नैतिक और सदाचार संबंधी शिक्षाओं पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

तमिलनाडु से आठ दिवसीय यात्रा पर सात समूह आएंगे। यात्रा कार्यक्रम में वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या शामिल होंगे, जहां सांस्कृतिक, शैक्षणिक, विषय-विशिष्ट और आध्यात्मिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। तमिलनाडु और काशी के लिए क्रमशः आईआईटी मद्रास और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय नोडल समन्वय संस्थान हैं।