भारत में इंस्टाग्राम पर राजनीतिक पोस्ट की पहुंच और उन पर लोगों की प्रतिक्रिया यानी लाइक, कमेंट और शेयर में बड़ा बदलाव देखा गया है। इसके चलते प्रधानमंत्री से लेकर बड़े केंद्रीय मंत्रियों और विपक्षी नेताओं के खातों पर लोगों की सक्रियता कम हो गई है। हालांकि, सत्तारूढ़ भाजपा और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस, दोनों के आधिकारिक खातों से जुड़ने वालों की संख्या बढ़ी है। यह बदलाव ऐसे समय में हुआ है, जब इंस्टाग्राम की मूल कंपनी मेटा ने भारत के लिए अपने सुझाव देने वाले तंत्र में बदलाव किया है। कंपनी का कहना है कि अब वह एआई की मदद से अश्लील और हिंसक सामग्री की पहचान कर रही है और ऐसी सामग्री को लोगों को सुझाना सीमित किया जा रहा है।
कंपनी का दावा है कि इस बदलाव के बाद भारतीय उपयोगकर्ताओं की शिकायतें पिछले साल की तुलना में लगभग आधी रह गई हैं। हालांकि, कंपनी ने यह साफ नहीं किया है कि पार्टियों के प्रशंसक कितने बढ़े, कितनी पोस्ट की पहुंच रोकी गई और कितने खातों पर इसका असर पड़ा। राजनीतिक और समाचार से जुड़ी सामग्री की दृश्यता में क्या बदलाव आया, इस पर भी कंपनी चुप है।
जब किसी नेता की पोस्ट केवल उनके मौजूदा फॉलोअर्स तक सीमित रह जाती है और वायरल नहीं होती, तो उस पर आने वाले लाइक्स, कमेंट्स और व्यूज घट जाते हैं। जब एल्गोरिद्म खुद से राजनीतिक कंटेंट दिखाना कम कर देता है, तो यूजर्स को ताजा अपडेट्स के लिए पार्टियों के आधिकारिक अकाउंट्स को फॉलो करना पड़ता है। मेटा के मुताबिक, अब एआई पहले से ज्यादा सख्ती से काम करेगा और अश्लील व हिंसक पोस्ट को नए लोगों को दिखाने से रोकेगा। यानी ऐसी पोस्ट प्लेटफॉर्म पर तो रहेंगी, लेकिन वायरल नहीं होंगी। इसका सीधा असर इंस्टाग्राम रील्स, एक्सप्लोर और सजेस्टेड पोस्ट पर दिखेगा।
भारत सरकार ने 10 अक्टूबर को मेटा से अपने सुझाव देने वाले सिस्टम की समीक्षा करने को कहा था। इसके पांच हफ्ते बाद मेटा ने यह बदलाव किया, जबकि कंपनी का दावा है कि वह एक साल से इस पर काम कर रही थी। मेटा ने राजनीतिक पोस्ट पर सीधे किसी प्रतिबंध की बात नहीं कही है, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि एल्गोरिद्म सख्त होने पर एआई कई बार गलती से गंभीर खबरों या राजनीतिक बहसों को भी संवेदनशील मानकर उनकी पहुंच कम कर सकता है। अक्टूबर में 174 पोस्ट और 59 अकाउंट्स पर कार्रवाई हुई, जिनमें पत्रकार भी थे। विशेषज्ञों का मानना है कि एआई की गलती से वैध खबरें दब सकती हैं, इसलिए गलत फैसलों को सुधारने का सिस्टम होना चाहिए और सिस्टम की पारदर्शिता के लिए एक स्वतंत्र जांच जरूरी है।
