मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने सोमवार रात सेक्टर-27 स्थित जिलाधिकारी कैंप कार्यालय में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों के साथ मतदाताओं की ड्राफ्ट सूची के बाद विशेष अभियान में मिल रहे फार्म-6, 7 और 8 की प्रगति का आकलन किया और पात्र मतदाताओं के पंजीकरण को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

समीक्षा में उन्होंने कहा कि गौतमबुद्ध नगर में पात्र मतदाताओं के पंजीकरण की व्यापक संभावनाएं हैं। गाजियाबाद की तरह यहां भी विशेष प्रयास करते हुए फार्म-6 के जरिए अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के नाम निर्वाचक नामावली में शामिल किए जाएं, जिससे कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि आपसी समन्वय, सुव्यवस्थित कार्ययोजना और समर्पित प्रयासों से जनपद मतदाता पंजीकरण में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर सकता है।

ऑनलाइन आवेदनों के निस्तारण पर जोर देते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी एईआरओ के लागिन पर एक दिन से ज्यादा आवेदन लंबित न रहें। ऑनलाइन आवेदन आते ही उसी दिन सही बीएलओ को आवंटित किया जाए। एईआरओ अपने सेक्टर, आवासीय सोसायटी और मतदान केंद्र व उनके क्षेत्राधिकार की पूरी जानकारी रखें, ताकि आवेदन पते के आधार पर मतदाता को सही बूथ बताया जा सके। बीएलओ की तत्परता से स्थलीय सत्यापन कर रिपोर्ट प्रस्तुत कर एईआरओ स्तर पर जांच के बाद आवेदन शीघ्र ईआरओ को प्रेषित की जाए।

मतदाता पंजीकरण अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने के लिए विशेष कैंपों को प्रभावी बनाने और इलेक्टोरल लिटरेसी क्लबों को सक्रिय करने के निर्देश दिए गए। 18-19 वर्ष के युवा, पहला मतदाता और महिला मतदाता पंजीकरण बढ़ाने के लिए आशा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम और सखी समूहों का सहयोग लिया जाए। उन्होंने यह भी माना कि बीएलओ के पास अन्य विभागीय दायित्वों के साथ गणना व स्वगणना कार्य भी है। इस दौरान एडीएम अजीत कुमार सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रदीप कुमार सिंह समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।