पाकिस्तान में विपक्षी नेताओं ने जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी की बिगड़ती सेहत को लेकर न्यायपालिका से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। सोमवार को दोनों नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट और इस्लामाबाद हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों को पत्र लिखकर मामले का संज्ञान लेने की अपील की।
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के संस्थापक इमरान खान 2023 से जेल में हैं। उन पर भ्रष्टाचार और हिंसा भड़काने समेत 100 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। उनकी पत्नी बुशरा बीबी को 17 जनवरी, 2025 को एक अलग मामले में गिरफ्तार किया गया था।
पीटीआई और उनके वकीलों के अनुसार, दोनों स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं, जिनमें आंखों से जुड़ी दिक्कतें भी शामिल हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, पीटीआई द्वारा नेशनल असेंबली और सीनेट के लिए नामित और समर्थित विपक्षी नेता महमूद खान अचकजई और अल्लामा राजा नासिर अब्बास ने यह पत्र लिखा है।
इन नेताओं ने न्यायाधीशों से अपील की है कि जेल में बंद दोनों की बिगड़ती सेहत को देखते हुए इस मामले में हस्तक्षेप किया जाए।
