सीजेपी के सौरभ दास ने परिसीमन विधेयक पर विपक्षी दलों को चेतावनी दी है। उन्होंने भाजपा पर सांसदों की खरीद-फरोख्त का आरोप लगाते हुए विपक्ष से बिल का पुरजोर विरोध करने को कहा। दास ने परिसीमन आयोग को दी जा रही असीमित शक्तियों पर भी गहरा ऐतराज जताया।
सौरभ दास ने कहा कि इस विधेयक के तहत लिए गए फैसलों को अदालत में चुनौती नहीं दी जा सकती। उनके अनुसार इसका मतलब है कि चुनावी क्षेत्रों के पुनर्निर्धारण पर सवाल उठाने वाला व्यक्ति कोर्ट में अपना पक्ष नहीं रख पाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब भाजपा को फायदा पहुंचाने और विपक्ष का सफाया करने के लिए किया जा रहा है।
भाजपा पर अन्य दलों के सांसदों की खरीद-फरोख्त का आरोप लगाते हुए दास ने विपक्षी दलों और सांसदों से बिल का जोरदार विरोध करने की अपील की। गैर-एनडीए दलों द्वारा विधेयक का समर्थन किए जाने की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष की जिम्मेदारी युवाओं के नेतृत्व वाले आंदोलन को मजबूत करना है, लेकिन कुछ दल भाजपा के साथ खड़े होकर बिल पास कराने में मदद कर रहे हैं। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि देश के युवा इन दलों को देख रहे हैं और अगर देश के साथ विश्वासघात हुआ तो युवा पीढ़ी इसे कभी माफ नहीं करेगी।
दास ने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन संसद में महिला आरक्षण का समर्थन करता है, लेकिन परिसीमन को लेकर सरकार की मंशा महिलाओं को बराबर भागीदारी देने के बजाय सत्ता में बने रहने की है। उन्होंने सवाल किया कि अगर महिलाओं को लाभ पहुंचाना है तो मौजूदा ढांचे के भीतर ही उन्हें आरक्षण क्यों नहीं दिया जा रहा। गौरतलब है कि केंद्रीय कैबिनेट ने शुक्रवार को संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 और परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 को मंजूरी दी थी, जिन्हें सोमवार को लोकसभा में पेश किया जाना है। इनमें सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि और संसद में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है। तमिलनाडु में DMK और तेलंगाना में BRS जैसे दलों ने दक्षिणी राज्यों के प्रतिनिधित्व की सुरक्षा पर संतुष्टि जताते हुए प्रस्तावों का समर्थन किया है, जबकि विपक्षी इंडिया गठबंधन इन विधेयकों का विरोध कर रहा है और मौजूदा 543 सदस्यीय लोकसभा में ही महिला आरक्षण लागू करने की मांग पर अड़ा है।
