परिसीमन बिल के मुद्दे पर विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक में मतभेद सामने आ रहे हैं। तमिलनाडु में एमके स्टालिन ने परिसीमन पर सरकार की तरफ से लाए जा रहे बिल के समर्थन का ऐलान किया है। वहीं महाराष्ट्र में एनसीपी के शरद पवार गुट ने भी इस बिल के लिए हामी भर दी है। इसके अलावा जगन मोहन रेड्डी के समर्थन का भी जिक्र है। इन पार्टियों के रुख से कांग्रेस और इंडिया ब्लॉक के प्रमुख सदस्यों की मुश्किलें बढ़ी हैं और वे इन दलों को मनाने की कवायद में लगे हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी जल्द ही इंडिया ब्लॉक के अन्य नेताओं के साथ एमके स्टालिन से मुलाकात कर सकते हैं। हालांकि, विधानसभा चुनाव के बाद से दोनों पार्टियों के बीच चली आ रही उठापटक ने मामले को और पेचीदा बना दिया है।
दूसरी तरफ केंद्र सरकार इस मुद्दे पर पूरी तैयारी में नजर आ रही है। परिसीमन के मुद्दे पर पिछली बार मात खाने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह इस बार तैयार दिख रहे हैं। स्टालिन, पवार और जगन मोहन रेड्डी के समर्थन के बाद केंद्र सरकार परिसीमन बिल के मुद्दे पर दो तिहाई बहुमत के करीब पहुंचती हुई नजर आ रही है। हालांकि, बिल पास करवाने के लिए अभी भी उसे क्रॉस वोटिंग की जरूरत पड़ सकती है।
30 नवंबर यानी सोमवार को होने वाली बैठक में इस बिल पर फैसला सामने आ जाएगा। इससे पहले राहुल गांधी और भाजपा सरकार अपने-अपने साथियों को मजबूत करने में जुटी हुई है।
