कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने परिसीमन बिल को लेकर सभी राजनीतिक दलों और सांसदों से संसद में इसका विरोध करने की अपील की है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि जो भी दल या नेता इस बिल को पास कराने में मदद करेगा, वह जनता के जनादेश के साथ बड़ा धोखा करेगा। सीजेपी का आरोप है कि परिसीमन की आड़ में लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं को सत्ताधारी दल के फायदे के हिसाब से बदला जा सकता है। पार्टी ने इसे लोकतंत्र और चुनावी व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा बताते हुए सभी दलों से एकजुट होकर विरोध करने को कहा है। उसका कहना है कि निर्वाचन क्षेत्रों का इस तरह दोबारा निर्धारण करना, जिससे सत्ताधारी पार्टी को राजनीतिक लाभ मिल सके, चुनावी नक्शे में हेरफेर यानी 'जेरीमैंडरिंग' है।
केंद्र सरकार ने 30 नवंबर से संसद का चार दिवसीय विशेष सत्र बुलाया है। इस दौरान सरकार 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए तीन विधेयक लाने की तैयारी में है। प्रस्तावित व्यवस्था में प्रत्येक राज्य की सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का भी जिक्र है। सीजेपी ने दलों को आगाह किया कि केवल सीटों की संख्या बढ़ने को परिसीमन का फायदा मानना सही नहीं होगा, क्योंकि सीमाएं इस तरह बदली जा सकती हैं कि कुछ क्षेत्रों में खास मतदाताओं को एक साथ और दूसरे क्षेत्रों में अलग-अलग बांट दिया जाए। इससे कुल वोटों की संख्या में बदलाव किए बिना भी नतीजा प्रभावित हो सकता है।
पार्टी ने आरोप लगाया कि अगर इस प्रक्रिया में पर्याप्त सुरक्षा उपाय नहीं किए गए और स्वतंत्र निगरानी नहीं रखी गई तो इसका इस्तेमाल भाजपा को लंबे समय तक चुनावी बढ़त दिलाने के लिए किया जा सकता है। सीजेपी ने मतदाता सूची में किए जा रहे एसआईआर का मुद्दा भी उठाया और नाम गलत तरीके से काटे जाने, गड़बड़ियों और पारदर्शिता की कमी के आरोपों का जिक्र किया। पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को प्रस्तावित परिसीमन आयोग की प्रक्रिया से जोड़ने पर भी सवाल उठाए।
सीजेपी नेता आशुतोष रांका ने कहा कि कुछ दल यह तर्क देकर बिल का समर्थन कर रहे हैं कि इससे देशभर में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ जाएगी, लेकिन वे यह नहीं समझ रहे कि किस तरह के चुनावी क्षेत्र निर्धारण का समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने असम के निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं का उदाहरण देखने की बात कही। वहीं, पार्टी नेता सौरव दास ने कहा कि अगर विपक्षी दल ऐसा कोई कदम उठाते हैं जिससे भाजपा को लोकतंत्र के खिलाफ उसकी कथित योजनाओं में फायदा मिलता है तो यह जनता के साथ बड़ा धोखा होगा। पार्टी ने महिला आरक्षण का समर्थन करते हुए कहा कि इसे परिसीमन से जोड़कर सीमाएं बदलने की कोशिश की जा रही है, जबकि महिला आरक्षण विधेयक संसद से पहले ही पारित हो चुका है और अब तक लागू नहीं किया गया है।
