पटना/रांची: अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) ने अपने संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की स्वीकृति के बाद महासचिव केसी वेणुगोपाल ने नई नियुक्तियों की विस्तृत सूची जारी की, जिसमें कुल 81 सचिव शामिल हैं। इन पदाधिकारियों को विभिन्न राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों और पार्टी की मुख्य संगठनात्मक इकाइयों में तत्काल प्रभाव से तैनात किया गया है।

बिहार को तीन नए एआईसीसी सचिव मिले हैं। जारी सूची के अनुसार प्रदीप नरवाल, प्रो. प्रकाश सोनावणे और महबूब पाशा को बिहार का नया एआईसीसी सचिव नियुक्त किया गया है। ये तीनों नेता राज्य में पार्टी के संगठनात्मक कार्यों की देखरेख करेंगे।

बिहार कांग्रेस के दो नेताओं का कद भी राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया गया है। अजय कुमार पासवान और गुंजन पटेल को राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया है। अजय कुमार पासवान को मध्य प्रदेश और गुंजन पटेल को पश्चिम बंगाल का प्रभारी सचिव बनाया गया है।

झारखंड के संगठनात्मक ढांचे में भी जिम्मेदारियां तय की गई हैं। झारखंड में भूपेंद्र मरावी और अवनीश काजला को सचिव बनाया गया है। इसके अतिरिक्त, झारखंड से कांग्रेस के लिए राज्यसभा चुनाव लड़ चुके प्रणव झा को कांग्रेस अध्यक्ष के कार्यालय से जोड़ा गया है। कांग्रेस के मुताबिक इन सभी नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।