विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस अगले सप्ताह अपनी चुनाव प्रचार समिति का गठन करेगी। समिति के गठन से पहले पार्टी का शीर्ष नेतृत्व चुनाव प्रचार का रोडमैप भी तैयार करेगा। पार्टी इस बार बड़ी रैलियों के साथ-साथ नुक्कड़ सभाओं पर भी जोर देगी। इस रणनीति पर पार्टी महासचिव प्रियंका वाड्रा के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने नई दिल्ली में मंथन किया।
शनिवार को नई दिल्ली में हुई बैठक में प्रियंका वाड्रा ने प्रदेश कांग्रेस के नेतृत्व को जल्द से जल्द रैलियों के स्थल और तिथियां चुनने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगले सप्ताह तक रैलियों के आयोजन स्थल और तिथियों की जानकारी शीर्ष नेतृत्व को उपलब्ध करा दी जाए, ताकि संबंधित वरिष्ठ नेताओं से उन रैलियों के लिए समय लिया जा सके।
बैठक में राहुल गांधी की 10 दिसंबर को सहारनपुर में प्रस्तावित रैली पर भी मंथन हुआ। सपा द्वारा सहारनपुर की दो सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा के बाद कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष इमरान मसूद की लगातार आ रही तीखी प्रतिक्रिया के बीच कांग्रेस यहीं से चुनावी शंखनाद करने की तैयारी कर रही है। पार्टी सहारनपुर में पहली रैली कर गठबंधन के बिगड़े मिजाज को भी सही करना चाहती है। हालांकि प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम सिद्धार्थनगर में पहली रैली आयोजित करने के पक्ष में थे। इसीलिए शीर्ष नेतृत्व ने दोनों को साथ बैठाकर सहारनपुर की पहली रैली तय की है।
बैठक में पंफलेट पर प्रकाशित की जाने वाली प्रचार सामग्री पर भी चर्चा हुई। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि चुनाव प्रचार समिति के लिए नेताओं के नाम शीर्ष नेतृत्व को सौंप दिए गए हैं। चुनावी रैलियों को शुरू करने से पहले समिति गठित की जाएगी। इस मुद्दे पर अगले सप्ताह दोबारा बैठक होगी, जिसमें समिति के नाम फाइनल किए जाएंगे।
