क्रिप्टोकरेंसी बाजार में पिछले 24 घंटे में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। ग्लोबल मार्केट कैप करीब 10 फीसदी गिरकर 1.98 लाख करोड़ डॉलर पर आ गया है, जिससे निवेशकों के करीब 20 लाख करोड़ रुपये स्वाहा हो गए हैं। शनिवार सुबह 11 बजे बिटकॉइन 9 फीसदी से ज्यादा लुढ़ककर 56,000 डॉलर से नीचे कारोबार कर रहा था। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे बाजार का कैप करीब 2.19 लाख करोड़ डॉलर था। सुबह 11 बजे सभी प्रमुख क्रिप्टोकरेंसी लाल निशान पर थीं।
बिटकॉइन शनिवार सुबह 11 बजे 55,879 डॉलर पर कारोबार कर रहा था। यह सितंबर 2024 के बाद का सबसे निचला स्तर है। अक्टूबर 2025 में बने अपने रिकॉर्ड भाव से बिटकॉइन अब तक करीब 55% टूट चुका है और पिछले 30 दिनों में ही इसमें करीब 29% की गिरावट आई है। बाकी प्रमुख क्रिप्टो में भी गिरावट रही। इथेरियम 10 फीसदी से ज्यादा गिरकर 1,563 डॉलर पर आ गया, जबकि बाइनेंस कॉइन भी 10 फीसदी से ज्यादा लुढ़ककर 512 डॉलर पर था। XRP और सोलाना में करीब 9 फीसदी, हाइपरलिक्विड में 14 फीसदी से ज्यादा और पाई नेटवर्क में 7 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई।
गिरावट के पीछे कई वजहें बताई जा रही हैं। 19 नवंबर को स्पॉट बिटकॉइन ईटीएफ से 580 मिलियन डॉलर से ज्यादा की निकासी हुई और इथेरियम ईटीएफ में भी बिकवाली देखी गई। अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ने की आशंका से निवेशक जोखिम वाले निवेश से दूरी बना सकते हैं, जिससे क्रिप्टो जैसी संपत्तियों की मांग कमजोर पड़ सकती है। अमेरिकी शेयर बाजार में भी बिकवाली का दबाव है। इसके अलावा, लीवरेज के जरिए निवेश करने वाले ट्रेडर्स की पोजिशन बंद होने से बिकवाली और बढ़ रही है।
विश्लेषण के मुताबिक आने वाले दिनों में भी क्रिप्टोकरेंसी की कीमतों में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। पुराने आंकड़े बताते हैं कि हर मंदी के बाद बिटकॉइन ने वापसी की है, लेकिन पिछली तेजी के आधार पर यह मानना सही नहीं होगा कि इस बार भी कीमतें उसी तरह बढ़ेंगी। निवेशकों के लिए जरूरी है कि वे कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव और बड़े नुकसान की आशंका को ध्यान में रखें। निवेशकों की नजर अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अगले फैसलों और बिटकॉइन ईटीएफ में निवेश के रुझान पर रहेगी।
