देवोत्थान एकादशी के साथ सहालग शुरू होते ही आगरा में सोने-चांदी के भावों में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे सराफा बाजार में ग्राहकों की भीड़ बढ़ गई है। ग्राहक कम दामों का फायदा उठा रहे हैं, जबकि चांदी के भाव गिरने से निवेशकों को नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।
आगरा। देवोत्थान एकादशी के साथ शुक्रवार को सहालग शुरू हो गया है। सहालग में सोने-चांदी के आभूषणों की खरीदारी के चलते सराफा बाजार में रौनक लौटने लगी है। धनतेरस के बाद से सोना-चांदी सस्ते होने से बाजार में खरीदारी बढ़ी है। गुरुवार को सोने के भाव में पांच हजार रुपये और चांदी के भाव में दस हजार रुपये से अधिक की गिरावट आई। दोनों धातुएं इस वर्ष के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गईं। इससे पहले खरीदारी टाल रहे ग्राहक भी अब बाजार पहुंच रहे हैं।
बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, धनतेरस (छह नवंबर) पर सोना 1,43,050 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 1,89,050 रुपये प्रति किलो थी। देवोत्थान एकादशी पर सोना 1,27,500 रुपये और चांदी 1,55,300 रुपये प्रति किलो पर आ गई। इस तरह 15 दिन में सोना 16 हजार रुपये और चांदी 33,750 रुपये सस्ती हो चुकी है। इससे पहले जनवरी में सोना करीब 1.8 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 4.10 लाख रुपये प्रति किलो के आल टाइम हाई पर पहुंची थी।
तनिष्क फ्रेंचाइजी के अनुराग बंसल का कहना है कि सोना-चांदी के भाव एक बार बढ़ने के बाद कभी इतना कम नहीं हुए हैं। उम्मीद है कि गिरावट आ चुकी है। सहालग शुरू होने के साथ भाव कम होने से ग्राहक खरीदारी कर रहे हैं। पहले भाव अधिक होने से जो वजनी ज्वेलरी बजट से बाहर हो गई थी, अब ग्राहक उसे फिर पसंद कर रहे हैं। आभूषण ज्वेलर्स के प्रबंध निदेशक आनंद प्रकाश का कहना है कि भाव कम होने से ग्राहकों का फुटफॉल बढ़ा है। कुछ लोग मान रहे हैं कि दाम और कम हो सकते हैं, इसलिए वे इंतजार कर रहे हैं।
आगरा सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष नितेश अग्रवाल ने बताया कि भाव इतना गिरने की उम्मीद नहीं थी। आकलन था कि चांदी 1.65 लाख रुपये और सोना 1.35 लाख रुपये तक आ सकता है, लेकिन भाव इससे काफी नीचे चले गए। अमेरिका और चीन में धातु पर होने वाली सट्टेबाजी इसे मुख्य वजह बताई जा रही है। एमके ज्वेलर्स के मनोज गुप्ता ने बताया कि पिछले वर्ष चांदी के सात लाख रुपये तक पहुंचने का अनुमान जताया गया था, जिसके चलते निवेशकों ने 3.5 लाख रुपये तक की कीमत में चांदी खरीदी थी। चांदी अब तक करीब दो लाख रुपये सस्ती हो चुकी है, जिससे निवेशक परेशान हैं।
