बरेली के मीरगंज फ्लाईओवर पर गुरुवार रात एक वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उत्तराखंड के रुद्रपुर निवासी बैंक फाइनेंस कर्मी विकास कुमार और उनके दोस्त पीयूष की मौत हो गई। विकास की शादी 25 नवंबर को होनी थी। तीनों युवक बाइक से मनौना गांव के खाटू श्याम मंदिर जा रहे थे। हादसे में घायल तीसरे युवक प्रिंस का बरेली के जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिये टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
उत्तराखंड के रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप स्थित कृष्णानगर निवासी फाइनेंस कर्मी विकास कुमार की शादी 25 नवंबर को होनी थी। स्वजन के मुताबिक, शादी के निमंत्रण बांटे जा रहे थे और बाजार से खरीदारी की जा रही थी। इसी बीच विकास ने बरेली के मनौना स्थित मंदिर में खाटू श्याम के दर्शन करने की इच्छा जताई। इसके लिए वह गुरुवार देर शाम दोस्त पीयूष और प्रिंस के साथ बाइक से मनौना के लिए निकले।
पुलिस के अनुसार, बाइक चला रहे विकास और उनके पीछे बैठे पीयूष ने हेलमेट लगाया था, जबकि प्रिंस सबसे पीछे बैठे थे। रात करीब 12 बजे उनकी बाइक मीरगंज में फ्लाईओवर पर पहुंची थी, तभी पीछे से आए एक वाहन ने उनकी बाइक को कुचल दिया। अन्य वाहन सवारों की सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी अजय प्रताप सिंह ने तीनों युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां चिकित्सकों ने विकास और पीयूष को मृत घोषित कर दिया।
घायल प्रिंस का बरेली के जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिये टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। हादसे में तीनों युवक छिटककर दूर जा गिरे थे। विकास और पीयूष के हेलमेट चकनाचूर हो गए थे। सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि विकास की 25 नवंबर को शादी होनी थी और सीसीटीवी फुटेज से टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाया जा रहा है।
