मुजफ्फरपुर के माड़ीपुर स्थित द रॉयल फुलार होटल में पुलिस ने छापेमारी कर शराब के साथ पश्चिम बंगाल की दो युवतियों को गिरफ्तार किया है। होटल के तीसरे तल पर कमरा नंबर 309 से अंग्रेजी शराब की दो बोतलें बरामद हुईं, जिनमें एक का सील खुला था। पुलिस ने कमरे को सील कर दिया है। मामले में दोनों युवतियों के अलावा सूतापट्टी के कारोबारी अलंकार हिसारिया, होटल मालिक और मैनेजर को भी आरोपित किया गया है।
वैशाली में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के मद्देनजर मुजफ्फरपुर पुलिस शहर के विभिन्न होटलों में जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान काजीमोहम्मदपुर थाने की पुलिस को सूचना मिली कि माड़ीपुर स्थित द रॉयल फुलार होटल में शराब का सेवन किया जा रहा है। वरीय अधिकारियों को जानकारी देने के बाद पुलिस टीम ने होटल में तलाशी ली। तीसरे तल पर कमरा नंबर 309 में दो युवतियां अलग-अलग बेड पर बैठी मिलीं। पुलिस के अनुसार, दोनों नशे की हालत में थीं। तलाशी में बेड पर रखे सफेद रंग के झोले से अंग्रेजी शराब की दो बोतलें मिलीं। कमरे से 309 और 514 नंबर के दो कार्ड भी बरामद हुए।
गिरफ्तार युवतियों की पहचान पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर जिले के हल्दिया क्षेत्र की पिंकी सिंह और कोलकाता के राजेंद्र प्रसाद लेन निवासी मधुमिता मुखर्जी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे इवेंट में एंकरिंग करती हैं और बुधवार की रात एक विवाह समारोह में कार्यक्रम प्रस्तुत करने के बाद होटल में ठहरी थीं। उन्होंने पुलिस को बताया कि सूतापट्टी के कारोबारी अलंकार हिसारिया उन्हें लेकर आए थे और होटल में कमरा नंबर 309 में ठहराया था। उनके अनुसार, होटल मालिक और मैनेजर से कमरा नंबर 309 और 514 बुक कराने को लेकर एग्रीमेंट किया गया था। युवतियों ने यह भी बताया कि शराब अलंकार हिसारिया ने ही लाकर दी थी।
पुलिस के बयान पर दर्ज प्राथमिकी में दोनों गिरफ्तार युवतियों के साथ अलंकार हिसारिया, होटल मालिक और मैनेजर को भी आरोपित किया गया है। प्राथमिकी में आशंका जताई गई है कि होटल प्रबंधन की संलिप्तता से कमरों में शराब उपलब्ध कराई जा रही थी। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपितों से जुड़ा पूर्व का रिकार्ड भी खंगाला जा रहा है। काजीमोहम्मदपुर थानाध्यक्ष चंद्रभूषण कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। बिहार में पूर्ण शराबबंदी के तहत शराब रखना, बेचना और परिवहन करना संज्ञेय अपराध है।
