नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने स्पाइसजेट को लगातार बढ़ रही फ्लाइट कैंसिलेशन, देरी और ऑपरेशनल गड़बड़ियों को लेकर शो-कॉज नोटिस जारी किया है। 17 नवंबर को जारी इस नोटिस में एयरलाइन से सात दिन के भीतर जवाब मांगा गया है। DGCA के अनुसार, स्पाइसजेट की समय पर उड़ान संचालन की स्थिति (OTP) लगातार खराब हो रही है, जिससे यात्रियों को परेशानी हो रही है। कंपनी तय शेड्यूल का पालन नहीं कर रही और यात्रियों को जरूरी सुविधाएं भी नहीं दे पा रही है।

DGCA के मुताबिक, स्पाइसजेट के बेड़े के ज्यादातर विमान फिलहाल जमीन पर खड़े हैं और कंपनी इन्हें दोबारा उड़ान सेवा में शामिल करने की कोई भरोसेमंद योजना नहीं दे पाई है। नोटिस में विमान बीमा के अनिवार्य कवरेज को समय पर रिन्यू कराने पर भी चिंता जताई गई है। पेमेंट में देरी के कारण सर्विस प्रोवाइडर्स के साथ कंपनी की दिक्कतें बढ़ रही हैं और विदेशी विमानन नियामकों ने भी इन समस्याओं पर चिंता जताई है। DGCA ने पहले लगाए गए जुर्माने का भुगतान नहीं करने पर भी जवाब मांगा है।

नियामक ने कहा कि स्पाइसजेट अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन के लिए जरूरी पात्रता शर्तें पूरी नहीं कर पा रही है और कंपनी ने रूट डिस्पर्सल गाइडलाइंस (RDG) का भी बार-बार उल्लंघन किया है। इस मामले में मई में भी जुर्माना लगाया गया था। सितंबर में स्पाइसजेट की घरेलू बाजार हिस्सेदारी घटकर 0.6% रह गई, जो अगस्त में 1.2% थी। नोटिस जारी होने के अगले दिन 18 नवंबर को कंपनी के बोर्ड ने आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए 5,500 करोड़ रुपए तक जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी, जबकि BSE पर कंपनी का शेयर करीब 5% गिरकर 9.74 रुपए पर आ गया। BSE ने भी नोटिस को लेकर स्पाइसजेट से स्पष्टीकरण मांगा है।

दिल्ली एयरपोर्ट का संचालन करने वाली कंपनी DIAL ने लगातार दूसरे दिन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी कि स्पाइसजेट की ऑपरेशनल समस्याओं के कारण उसकी कुछ उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। यात्रियों को अपनी फ्लाइट का अपडेट चेक करने की सलाह दी गई है।