रेवाड़ी में पान मसाला निर्माण करने वाली एक इकाई में 116.48 करोड़ रुपये के हेल्थ सिक्योरिटी से नेशनल सिक्योरिटी (एचएसएनएस) सेस की चोरी का मामला सामने आया है। केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) फरीदाबाद कमिश्नरेट की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि फर्म बिना सेस चुकाए पान मसाले का उत्पादन कर रही थी। गिरफ्तार व्यक्ति को चार पाउच पैकिंग मशीनों का मालिक बताया गया है।
सीजीएसटी फरीदाबाद कमिश्नरेट की टीम ने 16 नवंबर को रेवाड़ी के रामगढ़ रोड स्थित फर्म के परिसर में तलाशी ली थी। जांच में सामने आया कि फर्म ने एचएसएनएस सेस एक्ट-2025 के तहत न तो अपना पंजीकरण कराया था और न ही उत्पादन में इस्तेमाल हो रही पैकिंग मशीनों की जानकारी विभाग को दी थी। जांच में यह भी पता चला कि फर्म चार पाउच पैकिंग मशीनों के जरिए पान मसाले का उत्पादन कर रही थी। इन मशीनों की जानकारी छिपाना एचएसएनएस सेस एक्ट के प्रावधानों के तहत अपराध है। इस मामले में कुल 116.48 करोड़ रुपये का सेस बकाया या चोरी किया गया है।
बता दें कि एक फरवरी 2026 से लागू एचएसएनएस सेस पान मसाला निर्माताओं पर उनकी मशीनों की उत्पादन क्षमता के आधार पर लगाया जाता है। इस कानून के तहत निर्माताओं के लिए पंजीकरण कराना और उत्पादन में इस्तेमाल होने वाली मशीनों का विवरण देना अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में विभाग ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
