सऊदी अरब में अशोक बिल्डकॉन की सहायक कंपनी का 846.38 करोड़ रुपये का कंस्ट्रक्शन प्रोजेक्ट रद्द हो गया है। कंपनी ने एक्सचेंज को बताया कि दिरियाह कंपनी ने आंतरिक कारणों से यह परियोजना निरस्त की है। इस खबर के बाद 20 नवंबर को अशोक बिल्डकॉन के शेयर 2 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि कारोबार के दौरान ये 6 प्रतिशत तक टूट गए थे।

कंपनी ने गुरुवार को एक्सचेंज को दी जानकारी में कहा कि वह प्रोजेक्ट रद्द होने की वजह जानने और आगे की कार्रवाई तय करने के लिए दिरियाह से संपर्क कर रही है। कंपनी की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दिरियाह कंपनी ने आंतरिक कारणों से 846.38 करोड़ रुपये की परियोजना रद्द की है।

बता दें कि सऊदी अरब में कंपनी की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक इकाई को इस साल फरवरी में 'वन होटल' के डिलीवरी पार्टनर 'दिरियाह II' के मुख्य निर्माण कार्यों के लिए यह कॉन्ट्रैक्ट मिला था। यह कॉन्ट्रैक्ट 'BEC अरेबिया कॉन्ट्रैक्टिंग कंपनी' के साथ एक जॉइंट वेंचर के तहत प्राप्त हुआ था।

NSE पर अशोक बिल्डकॉन के शेयर 107.24 रुपये पर खुले और 5.8 प्रतिशत गिरकर 106.66 रुपये के इंट्राडे निचले स्तर पर आ गए, जबकि क्लोजिंग 111 रुपये पर हुई। इस साल अब तक स्टॉक में लगभग 35 प्रतिशत की गिरावट आई है, जबकि पिछले एक साल में इसमें करीब 40 प्रतिशत की कमी आई है। हालांकि, पिछले एक महीने में शेयरों में लगभग 7 प्रतिशत की तेजी आई है। सितंबर तिमाही के अंत में कंपनी की ऑर्डर बुक 15,964 करोड़ रुपये की थी।