रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमोटर समूह की कंपनियों ने 16 नवंबर को खुले बाजार से कंपनी के 4.26 लाख शेयर खरीदे हैं। ईटी की रिपोर्ट में एनएसई के आंकड़ों के हवाले से यह जानकारी दी गई। इस महीने रिलायंस का स्टॉक अब तक 14 फीसदी की तेजी दिखा चुका है।

रिलायंस इंडस्ट्रियल इन्वेस्टमेंट्स एंड होल्डिंग्स लिमिटेड (आरआईआईएचएल) ने 2,11,590 शेयर खरीदे, जबकि रिलायंस सर्विसेज एंड होल्डिंग्स लिमिटेड (आरएसएचएल) ने 2,15,000 शेयर खरीदे। दोनों कंपनियों की यह खरीदारी 16 नवंबर को की गई है।

बाजार के नजरिए से प्रमोटर बाइंग को सकारात्मक संकेत माना जाता है। इसका अर्थ यह लगाया जाता है कि प्रमोटर्स को कंपनी के भविष्य, आने वाले प्रोजेक्ट्स और मुनाफे पर भरोसा है तथा मौजूदा शेयर भाव निवेश के लिए उपयुक्त है। प्रमोटर्स की खरीदारी से आम और संस्थागत निवेशकों का भरोसा भी बढ़ता है।

(डिस्क्लेमर: यहां शेयरों को लेकर दी गई जानकारी निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है, इसलिए निवेश से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)