डीएलएड प्रशिक्षण बैच 2025 प्रथम सेमेस्टर मुख्य परीक्षा, बैच 2024 प्रथम, द्वितीय सेमेस्टर आंशिक/बैक और तृतीय सेमेस्टर मुख्य परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 18 नवंबर से प्रदेश के सभी जिलों में बनाए गए केंद्रों पर शुरू हो गया है। यह कार्य 5 दिसंबर तक पूरा करना है। परीक्षा नियामक प्राधिकारी की ओर से सभी केंद्रों पर मूल्यांकन को पारदर्शी तरीके से कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। बताया गया है कि ये परीक्षाएं 21 से 26 सितंबर और 12 से 14 अक्टूबर के बीच कराई गई थीं।

पीएनपी सचिव राजेंद्र प्रताप के अनुसार, मूल्यांकन के लिए उपलब्ध उत्तर पुस्तिकाओं को खोलने के लिए प्राचार्य डायट की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है। उन्हीं की मौजूदगी में सभी पैकेट खोले जा रहे हैं। मूल्यांकन से पहले प्रत्येक कॉपी पर उपलब्ध पृष्ठों और अन्य विसंगतियों की जांच की जाएगी। यदि किसी उत्तर पुस्तिका में विसंगति मिलती है या एक ही अनुक्रमांक की दो उत्तर पुस्तिकाएं हैं, तो उनका मूल्यांकन नहीं होगा और इसकी आख्या तत्काल परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय को भेजी जाएगी।

मूल्यांकन की शुचिता और पारदर्शिता के लिए यह कार्य सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कराया जा रहा है। प्रत्येक मूल्यांकन केंद्र के कोठार प्रभारी की जिम्मेदारी होगी कि प्रतिदिन कोठार खोलने और बंद करने की वीडियो रिकॉर्डिंग की जाए। कोठार से निकाले गए बंडलों को खोलकर उत्तर पुस्तिकाओं की गिनती करते हुए परीक्षकों को उपलब्ध कराया जाएगा।

निर्देशों में यह भी कहा गया है कि मूल्यांकन के बाद परीक्षाफल जारी होने पर यदि उत्तर पुस्तिका गायब होने की शिकायत मिलती है, तो संबंधित केंद्र के प्राचार्य डायट/परीक्षा प्रभारी उत्तरदायी होंगे।