नई दिल्ली: दिल्ली में एक महिला इन्फ्लुएंसर से शादी करने की जिद एक युवक की जान ले गई। पुलिस के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के गाजीपुर निवासी अभिनव चेन्नई की एक निजी कंपनी में काम करता था। वह 7 नवंबर को पूर्वी दिल्ली के मधु विहार इलाके में रहने वाली इन्फ्लुएंसर के घर पहुंचा, जब वह घर पर मौजूद थी। आरोप है कि अभिनव जबरन घर में घुस गया और शादी करने की जिद करने लगा। अगले दिन दर्ज एफआईआर में कहा गया है कि वह शराब के नशे में था।

पुलिस के अनुसार, उसकी इस हरकत से नाराज महिला के परिवार वालों और कुछ पड़ोसियों ने उसकी पिटाई कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने अभिनव को पीठ और दाहिने पैर में गंभीर चोटों के साथ अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे राजीव गांधी अस्पताल रेफर किया गया। 15 नवंबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने अब गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और इन्फ्लुएंसर के पिता तथा एक पड़ोसी को गिरफ्तार किया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मारपीट में परिवार और पड़ोस के कितने लोग शामिल थे। जांच में सामने आया है कि अभिनव नियमित रूप से महिला का सोशल मीडिया कंटेंट देखता था और उसके मन में एकतरफा भावनाएं थीं। कुछ महीने पहले भी वह एक प्रशंसक के तौर पर उसके घर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि वह महिला की किसी दूसरे व्यक्ति से होने वाली शादी को लेकर परेशान था, जबकि महिला उसे जानती तक नहीं थी।

इन्फ्लुएंसर के इंस्टाग्राम पर छह लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं और उसकी रील्स पर लाखों व्यूज आते हैं। उसने हाल ही में अपनी सगाई और आगामी शादी से जुड़े वीडियो भी पोस्ट किए थे। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि मारपीट में शामिल अन्य संदिग्धों की पहचान हो सके। एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मामले के दूसरे पहलुओं की भी जांच की जा रही है।