दिल्ली के मधु विहार में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा बिष्ट के घर जबरन घुसे एक युवक की परिजनों और पड़ोसियों की पिटाई के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर इन्फ्लुएंसर के पिता और एक पड़ोसी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के गाजीपुर निवासी अभिनव चेन्नई की एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। वह 7 नवंबर को पूर्वी दिल्ली के मधु विहार स्थित नेहा के घर पहुंचा, जब वह घर पर ही थीं। आरोप है कि अभिनव शराब के नशे में था और नेहा से शादी करने की जिद कर रहा था। पुलिस के अनुसार, अभिनव नेहा से एकतरफा प्यार करता था और उसकी शादी कहीं और तय होने से नाराज था, जबकि नेहा उसे जानती तक नहीं थीं।

8 नवंबर को दर्ज एफआईआर के मुताबिक, घटना से गुस्साए परिवारवालों और कुछ पड़ोसियों ने अभिनव की बुरी तरह पिटाई की। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर उसकी पीठ और दाएं पैर में गंभीर चोटें मिलीं। उसे राजीव गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 15 नवंबर को उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर नेहा के पिता वीरेंद्र बिष्ट और एक पड़ोसी को गिरफ्तार किया है। मारपीट में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। नेहा बिष्ट के इंस्टाग्राम पर 6 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं और वह इन दिनों अपनी सगाई और आने वाली शादी से जुड़े वीडियो पोस्ट कर रही थीं।