पिछले करीब दो हफ्तों से दिल्ली-एनसीआर की सुबह घनी धुंध की चादर में लिपटी हुई है। दिवाली के अगले दिन यानी 9 नवंबर को विजिबिलिटी गिरकर महज 50 मीटर तक पहुंच गई थी। लोगों के मन में सवाल है कि सुबह दिखने वाली धुंध सर्दियों का सामान्य कोहरा है या प्रदूषण से बना स्मॉग। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, इन दोनों के बीच तयशुदा लकीर खींचना आसान नहीं है, और 16 नवंबर की सुबह दिल्ली में दोनों का मिला-जुला असर देखने को मिला।
भारत में मौसम विज्ञानी कोहरे और स्मॉग में अंतर समझने के लिए हवा में नमी और विजिबिलिटी पर नजर रखते हैं। अगर हवा में नमी कम है और विजिबिलिटी बेहद कम है, तो इसे स्मॉग माना जाता है, क्योंकि कोहरा पानी की सूक्ष्म बूंदों से बनता है और कम नमी में बन नहीं सकता। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के व्यवहार में 1,000 मीटर से कम विजिबिलिटी को कम विजिबिलिटी और 75 फीसदी से कम रिलेटिव ह्यूमिडिटी को कम नमी माना जाता है। आईएमडी के महानिदेशक एम. महापात्रा भी पहले साफ कर चुके हैं कि विजिबिलिटी 1,000 मीटर से कम और नमी 75 फीसदी से नीचे हो तो इसे स्मॉग कहा जा सकता है। हालांकि, आधिकारिक रिकॉर्ड के लिए मौसम विभाग कम विजिबिलिटी की हर घटना को कोहरे के रूप में दर्ज करता है।
निजी मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट वेदर सर्विसेज के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने बताया कि सोमवार तड़के से सुबह करीब 9:30 बजे तक हवा में नमी ज्यादा थी और प्रदूषण का स्तर तुलनात्मक रूप से कम था, इसलिए उस वक्त तक इसे कोहरा कहा जा सकता था। 9:30 बजे के बाद नमी 75 फीसदी से नीचे चली गई, जबकि विजिबिलिटी 1,000 मीटर से कम बनी रही, इसलिए 9:30 से 11:30 बजे के बीच का दौर स्मॉग का था। पलावत के मुताबिक, 11:30 बजे के बाद विजिबिलिटी 1,000 मीटर से ज्यादा हो गई और नमी काफी गिर गई, जिसके बाद दिख रहा धुंधलापन हेज यानी धूल और प्रदूषक कणों की परत थी।
पलावत ने यह भी बताया कि पिछले पखवाड़े के ज्यादातर दिनों में सुबह के वक्त कोहरे के बजाय स्मॉग ही ज्यादा देखने को मिला है और ज्यादातर दिनों में हवा की क्वालिटी बेहद खराब श्रेणी में रही है। हवा में मौजूद सूक्ष्म प्रदूषक कण नमी के साथ मिलकर धुंध को और घना बना देते हैं। आंकड़ों के विश्लेषण से भी यह साफ होता है कि सोमवार सुबह जब विजिबिलिटी 6,000 मीटर से गिरकर पहले धुंध और फिर कोहरे के स्तर तक पहुंची, तो उस दौरान हवा में नमी के साथ-साथ PM2.5 और PM10 का स्तर भी लगातार बढ़ रहा था। विशेषज्ञों का कहना है कि जिन मौसमी परिस्थितियों में कोहरा बनता है, वही परिस्थितियां स्मॉग को भी बढ़ावा देती हैं। ऐसे में रात देर से सुबह तड़के तक दिखने वाली कम विजिबिलिटी ज्यादा नमी और प्रदूषण कणों का खतरनाक कॉकटेल है।
