भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने सोमवार को कहा कि हल्के लड़ाकू विमान एलसीए-एमके-1ए को वित्तीय वर्ष 2026-27 के भीतर सेवा में शामिल किया जाएगा। एएनआई नेशनल सिक्योरिटी समिट 3.0 में बोलते हुए उन्होंने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में वायुसेना के पास एलसीए एमके-1ए का एक स्क्वॉड्रन होगा और आगे भी यह प्रक्रिया जारी रहेगी। उनके मुताबिक, अगले साल एलसीए एमके-2 भी रोल आउट होगा और एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (एएमसीए) पर भी काम तेजी से चल रहा है।

31 अक्टूबर को आईएएफ प्रमुख का पद संभालने के बाद दीक्षित ने बल की प्राथमिकताएं बताई थीं, जिनमें स्वदेश में बने तेजस, एलसीए एमके-1ए, एलसीए एमके-2 और एएमसीए को आधुनिकीकरण के केंद्र में रखा गया था। उन्होंने कहा कि पूरा डिजाइन, डेवलपमेंट, टेस्टिंग और उत्पादन कर ऐसे लड़ाकू विमान में स्वदेशी क्षमता विकसित करना चुनौतीपूर्ण है और इसे केवल कुछ ही देश हासिल कर पाए हैं। वायुसेना की लड़ाकू ताकत को मजबूत करना और स्वदेशीकरण को बढ़ावा देना बड़ा काम है।

एयर चीफ मार्शल ने यह भी बताया कि वायुसेना लड़ाकू विमानों की गंभीर कमी से जूझ रही है, इसलिए एलसीए एमके-1ए को तुरंत ऑपरेशनल करना जरूरी है। इस विमान की निर्माण की कई डेडलाइन पहले ही चूक चुकी हैं। दीक्षित के कार्यकाल में सेवा में आने वाला यह पहला विमान होगा। एलसीए एमके-1ए उन मिग-21 विमानों की जगह लेगा, जो छह दशकों से अधिक सेवा के बाद पिछले साल रिटायर हो चुके हैं। आईएएफ ने हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड के साथ 180 एमके-1ए फाइटर जेट्स के लिए दो ऑर्डर दिए हैं, जिनकी कुल कीमत 1.1 लाख करोड़ रुपए है।

इस बीच एडवांस लेवल का एलसीए एमके-2 प्रोग्राम भी तेजी पकड़ रहा है। एचएएल ने इसका स्ट्रक्चर तैयार कर लिया है और सामने, बीच तथा पीछे के फ्यूजलेज सेक्शन जुड़ चुके हैं, जबकि एयरफ्रेम तैयार है। एचएल का लक्ष्य अगले साल मार्च तक पहली ग्राउंड रन करना है, जबकि पहली उड़ान साल के बाद में उम्मीद की जा रही है। आईएएफ एलसीए एमके-2 की खरीद के लिए मामला उठाएगा, जो मिराज 2000, मिग-29 और जगुआर की जगह लेगा। एएमसीए प्रोग्राम को तेज करना इसलिए अहम है, क्योंकि चीन पहले ही पांचवीं पीढ़ी का लड़ाकू विमान जे-20 तैनात कर चुका है और अब जे-35 स्टेल्थ फाइटर लॉन्च कर रहा है।