दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गुरुवार को एक अंतरराष्ट्रीय साइबर गुलामी रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए 164 विदेशी नागरिकों को बचाया है। पुलिस के मुताबिक, इनमें 92 इंडोनेशियाई और 72 मलेशियाई नागरिक शामिल हैं। इन लोगों को अच्छी नौकरी, बेहतर करियर और आकर्षक वेतन का झांसा देकर भारत लाया गया था। पुलिस ने बताया कि रैकेट मूल रूप से मलेशिया और इंडोनेशिया के नागरिकों को निशाना बनाता था। जिन परिसरों का इस्तेमाल रैकेट चलाने के लिए किया जा रहा था, वहां से इन नागरिकों को मुक्त कराया गया।

पुलिस के अनुसार, भारत आने के बाद इन लोगों के पासपोर्ट जब्त कर लिए गए और उनके आने-जाने पर रोक लगा दी गई। उन्हें पेइंग गेस्ट के रूप में रखा गया और घटिया खाना दिया गया। आरोप है कि उनके साथ मारपीट भी की जाती थी और उन्हें अपने ही देश के नागरिकों को ठगने के लिए मजबूर किया जाता था। इसके लिए उन्हें पूरी स्क्रिप्ट पढ़ने को दी जाती थी और तय रूपरेखा के तहत यह काम कराया जाता था।

एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, भारत आने के बाद जो भी व्यक्ति गिरोह में शामिल होने से मना करता था, उसे बुरी तरह पीटा जाता था और इतना मजबूर किया जाता था कि वह शामिल होने को विवश हो जाए। पुलिस ने इस मामले में आरोपी मलेशियाई नागरिक तान गुआन वेई को गिरफ्तार किया है। बचाए गए लोगों के पासपोर्ट जब्त कर उन्हें पीजी में भेजा गया है।

पुलिस अभी इस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।