केंद्र सरकार 30 नवंबर से शुरू हो रहे संसद के चार दिवसीय विशेष सत्र (30 नवंबर से 3 दिसंबर) में 'परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026' और इससे जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक पेश करेगी। शुक्रवार को केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी के बाद सार्वजनिक हुए ड्राफ्ट के मुताबिक, हर राज्य की लोकसभा और विधानसभा सीटों में 50 प्रतिशत की एकसमान बढ़ोतरी की जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य 2029 के लोकसभा चुनावों से पहले संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करना है। विधेयक पारित होते ही केंद्र सरकार तीन सदस्यीय परिसीमन आयोग का गठन करेगी।
ड्राफ्ट के अनुसार, आयोग के फैसले बहुमत से लिए जाएंगे। इसके तीन सदस्य होंगे: अध्यक्ष के रूप में केंद्र सरकार की ओर से नियुक्त सुप्रीम कोर्ट के वर्तमान या रिटायर जज, मुख्य चुनाव आयुक्त या उनकी ओर से नामित कोई अन्य चुनाव आयुक्त, और जिस राज्य में परिसीमन हो रहा हो वहां के राज्य चुनाव आयुक्त। मेघालय और नागालैंड में राज्यपाल की ओर से नामित व्यक्ति यह भूमिका निभाएगा। आयोग का कार्यकाल केंद्र सरकार नोटिफिकेशन से तय करेगी, जिसे आयोग के अनुरोध पर बढ़ाया जा सकेगा। हर राज्य के लिए लोकसभा अध्यक्ष पांच सांसदों और विधानसभा अध्यक्ष पांच विधायकों को सहयोगी सदस्य के रूप में नामित करेंगे, जिन्हें मतदान का अधिकार नहीं होगा, लेकिन उनकी असहमति प्रकाशित की जा सकेगी। आयोग जनगणना आयुक्त, महासर्वेक्षक और नक्शा विशेषज्ञों की सहायता भी ले सकेगा।
विधेयक में कहा गया है कि हर राज्य की लोकसभा और विधानसभा सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि होगी, जिससे लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 तक पहुंच जाएगी। सीमाओं के निर्धारण में हर विधानसभा क्षेत्र पूरी तरह एक ही लोकसभा क्षेत्र के भीतर होगा और क्षेत्रों को भौगोलिक विशेषताओं, मौजूदा प्रशासनिक सीमाओं और संचार संपर्क को ध्यान में रखते हुए कॉम्पैक्ट बनाया जाएगा। एक ही लोकसभा सीट वाले राज्य या केंद्र शासित प्रदेश में वह एक ही निर्वाचन क्षेत्र बना रहेगा। सीमाएं अधिनियम लागू होने के समय प्रकाशित नवीनतम जनगणना के आंकड़ों के आधार पर तय होंगी। आयोग यह भी तय करेगा कि किस राज्य में कितनी सीटें अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। महिलाओं के लिए आरक्षित सीटें आयोग के निर्णय के अनुसार रोटेट होंगी, जबकि एससी और एसटी महिलाओं के लिए आरक्षित सीटें केवल उन्हीं वर्गों की आरक्षित सीटों के बीच रोटेट होंगी।
आयोग को गवाहों को समन भेजने और दस्तावेज तलब करने के लिए सिविल कोर्ट जैसी शक्तियां मिलेंगी। अंतिम आदेश से पहले हर राज्य में मसौदा प्रस्ताव प्रकाशित कर जनसुनवाई होगी। आयोग के अंतिम आदेशों को कानून का दर्जा मिलेगा और उन्हें किसी अदालत में चुनौती नहीं दी जा सकेगी; बाद में चुनाव आयोग केवल लिपिकीय त्रुटियां सुधार सकेगा। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं, जिसके तहत पाकिस्तान के कब्जे वाले क्षेत्र के पाकिस्तानी नियंत्रण से मुक्त होने पर भारत का चुनाव आयोग ही परिसीमन आयोग के रूप में काम करेगा। अधिकारी ने कहा कि विधेयकों के पारित होते ही आयोग का गठन कर दिया जाएगा और परंपरा के अनुसार 50 प्रतिशत राज्यों की ओर से संविधान संशोधन विधेयक का अनुमोदन साथ-साथ पूरा किया जाएगा, ताकि 2029 के आम चुनावों में महिला आरक्षण लागू किया जा सके।
