वृंदावन शोध संस्थान अपने ब्रज संस्कृति संग्रहालय का विस्तार करने जा रहा है। संस्थान परिसर में एक केंद्रीय संग्रहालय विकसित किया जाएगा, जिसमें ब्रज के प्रमुख त्योहारों, मंदिरों की परंपराओं, लोककलाओं और धार्मिक आयोजनों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया जाएगा। संग्रहालय में चित्रों के साथ वीडियो स्क्रीन के माध्यम से ब्रज के उत्सवों का सजीव दर्शन कराया जाएगा। इससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक किसी भी महीने ब्रज के पूरे साल चलने वाले उत्सवों की जानकारी एक ही छत के नीचे प्राप्त कर सकेंगे।
संग्रहालय में अलग-अलग विषयों पर वीथिकाएं तैयार की जाएंगी, जिनमें ब्रज के प्रमुख उत्सवों को विशेष स्थान मिलेगा। सावन का झूलनोत्सव, वसंत उत्सव, फूलों की होली, बरसाना की लठामार होली, राधावल्लभ मंदिर का खिचड़ी उत्सव, फूलबंगला और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव जैसे आयोजनों को चित्रों और वीडियो के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। सांझी कला और ब्रज की मल्ल विद्या को भी संग्रहालय का हिस्सा बनाया जाएगा। श्रीकृष्ण और बलराम के मल्ल युद्ध के प्रसंग के साथ वन देवी वृंदा और ब्रज की लोकसंस्कृति से जुड़े विषय भी प्रदर्शित किए जाएंगे।
आगंतुकों को केवल चित्र देखने तक सीमित नहीं रहना पड़ेगा। वीथिकाओं और कलावस्तुओं से जुड़ी जानकारी ऑडियो माध्यम से भी मिलेगी। इसके लिए आधुनिक लाइटिंग, डिजिटल कियोस्क और अन्य तकनीकी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। विशेषज्ञों की मदद से प्रत्येक वीथिका को इस तरह तैयार किया जाएगा कि दर्शक ब्रज की संस्कृति और उसकी परंपराओं को आसानी से समझ सकें।
वृंदावन शोध संस्थान के निदेशक डॉ. राजीव द्विवेदी के अनुसार, संग्रहालय का विस्तार कार्य शुरू होने जा रहा है। इसका उद्देश्य ब्रज की सांस्कृतिक विरासत को व्यवस्थित और आकर्षक रूप में प्रस्तुत करना है। क्यूरेटर ममता गौतम के अनुसार, अलग-अलग वीथिकाओं के माध्यम से ब्रज के उत्सवों, लोककलाओं और धार्मिक परंपराओं का जीवंत चित्रण किया जाएगा। शोध अधिकारी डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि संग्रहालय में प्रदर्शित विषयों को संस्थान के पांडुलिपि ग्रंथागार में संरक्षित प्राचीन ग्रंथों और पांडुलिपियों के प्रामाणिक संदर्भों से भी जोड़ा जाएगा, जिससे शोधार्थियों को ब्रज संस्कृति के अध्ययन में मदद मिलेगी और श्रद्धालु तथा पर्यटक परंपराओं को प्रामाणिक जानकारी के साथ समझ सकेंगे।
