भगवान शिव के रौद्र स्वरूप बाबा काल भैरव की जयंती इस बार एक दिसंबर को विशेष महासंयोग में मनाई जाएगी। मार्गशीर्ष मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि एक दिसंबर को पड़ रही है। ज्योतिषाचार्य हृदय रंजन शर्मा के अनुसार, इस दिन मघा नक्षत्र और वैधृति योग का शुभ संयोग बन रहा है। मंगलवार का दिन स्वयं भैरव जी को समर्पित माना जाता है।

ज्योतिषाचार्य ने बताया कि भैरव का अर्थ भय का भक्षक और जग का रक्षक है। भैरव कृपा से भूत बाधा, ग्रह बाधा, शत्रु भय और रोग बाधा दूर होती है तथा धन और यश की कामना पूरी होती है। समस्त प्रकार के पूजन, हवन और प्रयोग में रक्षार्थ के लिए इनका पूजन किया जाता है। भैरव जी के असितांग भैरव, चंड भैरव, रूरू भैरव, क्रोध भैरव, उन्मत्त भैरव, कपाल भैरव, भीषण भैरव और संहार भैरव आठ नाम बताए गए हैं।

इस बार जयंती पर मघा नक्षत्र सुबह 9:00 बजे तक रहेगा, जिसके बाद पूर्वा फाल्गुनी नक्षत्र होगा। वैधृति योग दोपहर 12:14 बजे तक रहेगा, जिसके बाद विष्कंभ योग और बालव करण योग बनेगा। मघा नक्षत्र को पितरों और शक्ति का नक्षत्र माना गया है। इस नक्षत्र में की गई भैरव पूजा से पितृ दोष, भय, शत्रु बाधा और नकारात्मक ऊर्जा से मुक्ति मिलने की मान्यता है। मंगलवार और अष्टमी का संयोग इस पूजा को और अधिक शक्तिशाली बना रहा है।