नेपाल में राजशाही की बहाली की मांग एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गई है। राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी (राप्रपा) के अध्यक्ष राजेंद्र लिङ्देन ने देश की स्थिरता के लिए राजशाही को जरूरी बताते हुए मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था में बदलाव की पैरवी की है। शनिवार को काठमांडू के धुम्बाराही स्थित पार्टी केंद्रीय कार्यालय में पूर्व पुलिस परिषद के प्रथम महाधिवेशन को संबोधित करते हुए लिङ्देन ने कहा कि राजशाही की मांग किसी व्यक्तिगत स्वार्थ से नहीं, बल्कि देश की स्थिरता के उद्देश्य से की जा रही है। उन्होंने कहा कि राजा का होना लोकतंत्र का न होना नहीं है और नई पीढ़ी के बीच राजशाही को लेकर भ्रम फैलाया गया है।
राप्रपा अध्यक्ष ने नेपाली कांग्रेस और कम्युनिस्ट पार्टियों के करीब साढ़े तीन दशक के शासन पर सवाल उठाते हुए भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और राजनीतिक अस्थिरता को बड़ी चुनौती बताया। उन्होंने भू-राजनीतिक परिस्थितियों को नेपाल के लिए खतरे का संकेत बताते हुए राजनीतिक दलों के बीच नई सहमति बनाने की जरूरत जताई।
इस मांग का असर भारत-नेपाल सीमा से सटे सिद्धार्थनगर सहित तराई के सीमावर्ती इलाकों में राजनीतिक और व्यापारिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सिद्धार्थनगर के बढ़नी, खुनुवा और शोहरतगढ़ से सटे नेपाली बाजारों कृष्णानगर और आसपास के क्षेत्रों का भारतीय बाजारों से गहरा कारोबारी और सामाजिक जुड़ाव है। दोनों देशों के नागरिकों का रोजाना आवागमन, व्यापार, रोजगार और पारिवारिक संबंध इस सीमा की खास पहचान हैं।
नेपाल में सत्ता और नीतियों को लेकर अनिश्चितता बढ़ने की स्थिति में सीमा पार व्यापार, परिवहन, कस्टम व्यवस्था और सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय जैसे विषय प्रभावित हो सकते हैं। हालांकि, फिलहाल राजशाही की मांग को लेकर दिए गए इस बयान से सीमा पर किसी तरह के बदलाव या सुरक्षा संबंधी नई चुनौती की सूचना नहीं है।
