दिल्ली पुलिस ने फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। जांच में सिद्धार्थनगर सीएमओ कार्यालय से जारी एक प्रमाण पत्र पर बरेली के सीएमओ के डिजिटल हस्ताक्षर मिले हैं। मामले में 10 आरोपितों के खिलाफ तीस हजारी न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया गया है, जिसमें गिरोह का सरगना ललित कुमार उर्फ आदित्य भी शामिल है।
सिद्धार्थनगर। फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने वाले गिरोह का नेटवर्क कई जिलों में फैला था। दिल्ली पुलिस की जांच में सामने आया कि सिद्धार्थनगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय से जारी एक प्रमाण पत्र पर बरेली के सीएमओ के डिजिटल हस्ताक्षर मिले हैं। सात जनवरी को मेरठ निवासी शशांक सिंह के नाम से जारी इस प्रमाण पत्र में चलने-फिरने में दिक्कत को दिव्यांगता का कारण दर्शाया गया था।
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में 10 आरोपितों के विरुद्ध तीस हजारी न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया है। इसमें सिद्धार्थनगर सीएमओ कार्यालय के दो कर्मचारियों को भी आरोपित बनाया गया है। पुलिस की जांच के अनुसार गिरोह का सरगना अलीगढ़ निवासी ललित कुमार उर्फ आदित्य फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र तैयार कराने और उन्हें संबंधित लोगों तक पहुंचाने का काम करता था। 31 अगस्त को उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके कब्जे से मोबाइल फोन और लैपटॉप बरामद किए थे, जिनमें फर्जी प्रमाण पत्रों से संबंधित जानकारियां, लाभार्थियों के नाम और तैयार किए जा चुके प्रमाण पत्रों का ब्योरा मिला।
जांच में यह भी सामने आया कि कुछ प्रमाण पत्र एक जिले के सीएमओ कार्यालय से जारी किए गए थे, जबकि उन पर डिजिटल हस्ताक्षर किसी दूसरे जिले के सीएमओ के थे। शशांक सिंह के नाम से जारी प्रमाण पत्र इसी तरह की गड़बड़ी का उदाहरण है, जिस पर सिद्धार्थनगर कार्यालय से जारी होने के बावजूद बरेली के सीएमओ के स्कैन किए गए डिजिटल हस्ताक्षर का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस बरामद अभिलेखों के आधार पर अन्य प्रमाण पत्रों की भी पड़ताल कर रही है। सिद्धार्थनगर में दिल्ली पुलिस की टीम ने जांच के दौरान 16 सितंबर को डिप्टी सीएमओ डॉ. रामगुलाम सिंह और जिला मलेरिया अधिकारी सुनील चौधरी से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए थे, जबकि 22 सितंबर को दिव्यांग बोर्ड के सदस्य एवं ईएनटी सर्जन डॉ. संजय कुमार शर्मा का भी बयान लिया गया था।
