प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' कार्यक्रम के 140वें एपिसोड में पटना स्थित बिहार म्यूजियम और वडनगर के अनूठे म्यूजियम की प्रशंसा की। पीएम मोदी ने लोगों से अपील की कि वे जहां भी घूमने जाएं, वहां के म्यूजियम के बारे में जरूर पता करें। उन्होंने कहा कि हम जब किसी नई जगह जाते हैं तो वहां की प्रसिद्ध जगहें देखने और खान-पान का आनंद लेने की इच्छा होती है, लेकिन म्यूजियम को भी जानना चाहिए।

पीएम मोदी ने कहा कि हाल ही में भारत के म्यूजियम से जुड़ी कुछ उत्साह बढ़ाने वाली खबरें आई हैं। पटना स्थित बिहार म्यूजियम को दुनिया के 100 बेहतरीन म्यूजियम की सूची में नौवां स्थान मिला है और इस सूची में वह पूरे एशिया में पहले स्थान पर है। उन्होंने कहा कि पेरिस का 'लूव्र म्यूजियम' और न्यूयॉर्क का 'द मेट' म्यूजियम दुनिया में प्रसिद्ध हैं, लेकिन बिहार म्यूजियम इस सूची में इन दोनों से आगे है।

बिहार म्यूजियम आधुनिक वास्तुकला और समृद्ध ऐतिहासिक विरासत का संगम माना जाता है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध वास्तुकारों द्वारा तैयार इसके डिजाइन में खुले प्रांगण, जलधाराएं और आधुनिक दीर्घाएं हैं। यहां मौर्य, गुप्त और पाल काल सहित प्राचीन बिहार की कलाकृतियां, सिक्के, मूर्तियां और दुर्लभ पुरातात्विक वस्तुएं रखी गई हैं। इंटरैक्टिव डिस्प्ले और डिजिटल माध्यम से इतिहास को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाता है। संग्रहालय में बिहार की लोक परंपराओं, क्षेत्रीय इतिहास और समकालीन कला को भी स्थान मिला है।

नेहरू पथ पर स्थित इस म्यूजियम के निर्माण की शुरुआत बिहार की प्राचीन धरोहर को आधुनिक वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करने के उद्देश्य से की गई। पटना संग्रहालय में स्थान और आधुनिक सुविधाओं की सीमा को देखते हुए साल 2013 में इस परियोजना की नींव रखी गई, जिसमें तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने काफी रुचि दिखाई। जापानी वास्तुकार फर्म माकी एंड एसोसिएट्स और स्थानीय साझेदारों के सहयोग से इसका आधुनिक डिजाइन तैयार किया गया। यह संग्रहालय शोध, संवाद, कार्यशालाओं और सांस्कृतिक आयोजनों का केंद्र भी है।