केंद्र सरकार सोमवार को लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक पेश करेगी। इसमें लोकसभा तथा सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की विधानसभा सीटों की संख्या 50% बढ़ाने का प्रस्ताव है। यह तय करने की जिम्मेदारी परिसीमन आयोग की होगी कि किस राज्य में कितनी लोकसभा और विधानसभा सीटें बढ़ेंगी। आयोग महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षित सीटों की पहचान भी करेगा।

आयोग में तीन मुख्य सदस्य होंगे और इसकी अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा या रिटायर्ड जज करेंगे। मुख्य सदस्यों में मुख्य चुनाव आयुक्त या उनके नामित चुनाव आयुक्त तथा संबंधित राज्य के राज्य निर्वाचन आयुक्त शामिल होंगे। मेघालय और नगालैंड में राज्य निर्वाचन आयुक्त की जगह राज्यपाल की ओर से नामित व्यक्ति यह जिम्मेदारी निभाएगा। हर राज्य से 10 सहयोगी सदस्य नामित किए जाएंगे, जिनमें पांच सांसद लोकसभा अध्यक्ष और पांच विधायक संबंधित विधानसभा अध्यक्ष चुनेंगे। ये सदस्य बैठकों में हिस्सा ले सकेंगे, लेकिन मतदान या फैसलों पर हस्ताक्षर का अधिकार उन्हें नहीं होगा। आयोग का कार्यकाल केंद्र सरकार तय करेगी और जरूरत पड़ने पर इसे बढ़ाया जा सकेगा।

निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने के लिए 2011 की जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल होगा, जबकि राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का अनुपात 1971 की जनगणना के आधार पर तय करने का प्रस्ताव है। विधेयक में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 करने का प्रस्ताव है, जिनमें राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्रशासित प्रदेशों से 35 सदस्य होंगे। राज्य विधानसभाओं में सदस्यों की अधिकतम संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव है। नए परिसीमन के बाद सीटों की संख्या 2051 तक नहीं बदली जा सकेगी। महिलाओं के लिए आरक्षण 2023 के संविधान संशोधन के लागू होने की तारीख से 15 साल तक रहेगा और संसद कानून बनाकर इसकी अवधि बढ़ा सकेगी।

इससे पहले 17 अप्रैल को महिला आरक्षण से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में जरूरी दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर पाया था। इसके पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े थे, जबकि पास होने के लिए 54 वोट और चाहिए थे। लोकसभा में फिलहाल 540 सदस्य हैं और तीन सीटें खाली हैं। स्पीकर को छोड़कर सभी 538 सदस्य मतदान करते हैं, तो विधेयक पास कराने के लिए 359 वोटों की जरूरत होगी। इधर, परिसीमन बिल पर NDA को शरद गुट के NCP और DMK का समर्थन मिलने के संकेत हैं। NCP (शरदचंद्र पवार) ने सभी राज्यों में सीटों की समान रूप से 50% बढ़ोतरी का प्रावधान होने पर समर्थन की बात कही है, जबकि DMK ने तमिलनाडु की मौजूदा हिस्सेदारी सुरक्षित रखने वाले फॉर्मूले पर सहमति के संकेत दिए हैं।