लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने परिसीमन बिल पर आरोप लगाया है कि भाजपा इसके जरिए देश का चुनावी नक्शा दोबारा बनाकर राजनीतिक फायदा उठाना चाहती है। उन्होंने कहा कि मोदी, शाह और ज्ञानेश कुमार 850 सीटों का नया आइडिया लेकर आए हैं, जिससे भारतीय लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। उन्होंने सवाल किया कि जब महिला आरक्षण बिल पहले ही पास हो चुका है, तो लोकसभा की सीटें 850 करने की जरूरत क्यों है। परिसीमन बिल के समर्थन में चार विपक्षी दल डीएमके, एनसीपी (एसपी), वाईएसआरसीपी और बीआरएस हैं। लोकसभा में 30 नवंबर से और राज्यसभा में 2 दिसंबर से परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा होनी है।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद तमिलनाडु के मदुरै की तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर बने दीपस्तंभ पर शनिवार शाम 5 बजे कार्तिगई दीपम जलाया गया। पहाड़ी पर सिर्फ 50 लोगों को जाने की इजाजत मिली और हाईकोर्ट के दो रिटायर्ड जज भी मौजूद रहे। सीआरपीएफ ने पहाड़ी की सुरक्षा संभाल ली है। सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर दीप जलाने की अनुमति दी थी, लेकिन राज्य सरकार और मंदिर ट्रस्ट ने वहां दीप नहीं जलाया। 27 नवंबर को कोर्ट ने तमिलनाडु सरकार को फटकार लगाई और मंदिर के ट्रस्टियों को हटाकर दोबारा दीप जलाने का आदेश दिया।

सोनिया गांधी की नागरिकता विवाद पर दिल्ली पुलिस ने राउज एवेन्यू कोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट दाखिल की। पुलिस ने बताया कि 1980 में सोनिया गांधी भारतीय नागरिक नहीं थीं, फिर भी उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज था। उन्हें 1983 में भारतीय नागरिकता मिली थी। पुलिस के मुताबिक, इन तथ्यों की पुष्टि जिला मजिस्ट्रेट और गृह मंत्रालय से की गई है। अदालत ने पुलिस को जांच पूरी करने के लिए समय दिया है और मामले की अगली सुनवाई 14 दिसंबर को होगी। कोर्ट ने तुगलक रोड थाने के एसएचओ को भी तलब किया है।

भारत ने महिला हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब चौथी बार जीत लिया है। भोपाल में खेले गए फाइनल में भारतीय टीम ने चीन को 3-1 से हराया। भारत के लिए दीपिका ने दो और इशिका ने एक गोल किया। इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा खिताब जीतने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। टूर्नामेंट में भारत एक भी मैच नहीं हारा। भारत ने लीग स्टेज में मलेशिया, साउथ कोरिया, थाईलैंड, चीन और जापान को हराया और सेमीफाइनल में मलेशिया को 6-2 से शिकस्त दी। रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी स्टारर फिल्म 'रामायण' भारत में ₹1,000 करोड़ का नेट कलेक्शन पार करने वाली दूसरी बॉलीवुड फिल्म बन गई है। सैकनिल्क के मुताबिक, रिलीज के 23 दिन में फिल्म की भारत में कुल कमाई ₹1,000.55 करोड़ हो गई है, जबकि इंडिया ग्रॉस कलेक्शन ₹1,195.10 करोड़ और वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन ₹1,790.10 करोड़ पहुंच गया है।