लोकसभा में 17 अप्रैल, 2026 को महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक जरूरी संख्या बल न होने से गिर गया था। उसी समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने इसे जल्द फिर से संसद में पारित कराने की तैयारी शुरू कर दी थी। सरकार के सूत्रों के अनुसार, बीते सात महीनों में संसद से लेकर सड़क तक विपक्ष के हमलों के बीच सरकार ने अपने अभियान को कमजोर नहीं पड़ने दिया। इसी का नतीजा है कि विपक्षी दल द्रमुक, एनसीपी (एसपी), बीआरएस और वाईएसआरसीपी विधेयक के पक्ष में खड़े हो गए हैं।
सूत्रों का कहना है कि सरकार में शीर्ष स्तर पर विपक्षी दलों को आंकड़ों के साथ आश्वस्त किया गया कि उनके राज्य और राजनीति को नुकसान नहीं होगा। इस दौरान तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के बाद द्रमुक और कांग्रेस के बीच दूरी बढ़ी। एनसीपी (एसपी) ने अपनी राजनीति मजबूत करने के लिए भाजपा से अपने दोनों धड़ों को एक साथ लाने में मदद का भरोसा लिया। बीआरएस पहले भी कांग्रेस के साथ सहज नहीं थी। शिरोमणि अकाली दल को एनडीए का हिस्सा बनाया गया। तृणमूल कांग्रेस में बड़ी बगावत के साथ 20 सांसदों को एक नई पार्टी में लाया गया। भाजपा ने तमिलनाडु में कनिमोझी और ए. राजा के जरिए बढ़ाई गई बात को द्रमुक नेता स्टालिन तक पहुंचाया और बाद में सीधे स्टालिन को साधा गया। सुप्रिया सुले के जरिए और शरद पवार के करीबी नेताओं से बात पक्की की गई।
अमित शाह ने स्पष्ट किया कि यूपी का विभाजन करने की जरूरत नहीं होगी। फिलहाल यूपी विधानसभा में 403 सीटें हैं। प्रस्तावित संविधान संशोधन में विधानसभाओं में सीटें 650 करने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि इसके लागू होने और परिसीमन की प्रक्रिया के बाद यूपी विधानसभा में सीटों की संख्या 605 तक होने की संभावना है।
सरकार के सूत्रों का दावा है कि डीएमके, एनसीपी (एसपी), बीआरएस, वाईएसआरसीपी और बीजद संसद में समर्थन करेंगे। इसके अलावा सरकार ने लगभग दो दर्जन और सांसदों के समर्थन का दावा किया है। एनडीए से बाहर के दलों के लिए सरकार ने समर्थन, सदन से वाकआउट और सदन में अनुपस्थित रहने के तीन रास्ते बनाए थे। अब विपक्षी खेमे के कुछ दल खुलकर समर्थन करेंगे, जबकि स्थितियों को देखते हुए कुछ वाकआउट और कुछ अनुपस्थित रह सकते हैं।
