परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार की तैयारियों के बीच यूट्यूबर ध्रुव राठी ने इसे फ्रॉड बताते हुए बड़ा दावा किया है। राठी ने एक्स पर एक पोस्ट में हरियाणा का उदाहरण देकर दावा किया कि परिसीमन बिल पास होने के बाद सरकार क्या कर सकती है। उन्होंने लिखा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन को 47.61 फीसदी और भाजपा को 46.1 फीसदी वोट मिले थे, और दोनों ने पांच-पांच सीटें जीती थीं। राठी के मुताबिक, भाजपा विधानसभाओं की सीमाएं तय करने का काम अपने लोगों को देगी, जो अंबाला और हिसार जैसे विपक्षी झुकाव वाले इलाकों को तोड़कर करनाल जैसे मजबूत क्षेत्रों से जोड़ेंगे, जबकि रोहतक और सोनीपत जैसे विपक्ष के गढ़ एक साथ मिलाए जाएंगे। उनका दावा है कि इसका नतीजा यह होगा कि समान वोट प्रतिशत के बावजूद भाजपा आठ सीटें जीतेगी और कांग्रेस दो सीटों तक सिमट जाएगी।

इस बीच जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने शनिवार को परिसीमन को लेकर सरकार की मंशा पर सवाल उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव के जरिए भाजपा को फायदा पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। किशोर ने कहा कि परिसीमन को संवैधानिक प्रक्रिया के तहत जरूरी मानने के बावजूद इसके पीछे सरकार की मंशा को लेकर लोगों के मन में संशय और विरोध दोनों है। बांकीपुर के विधायक ने कहा कि संवैधानिक रूप से सरकार का मानना है कि परिसीमन होना चाहिए, लेकिन सरकार की मंशा को लेकर लोगों में विरोध है। लोगों का मानना है कि लोकसभा क्षेत्रों की सीमाओं में पुनर्गठन के नाम पर भाजपा को बड़ा फायदा पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।

गौरतलब है कि केंद्र सरकार सोमवार को लोकसभा में महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देने की व्यवस्था लागू करने के लिए नया संविधान संशोधन विधेयक पेश करने वाली है। इसमें लोकसभा में प्रत्येक राज्य और केंद्रशासित प्रदेश की सीटों की संख्या तथा उनकी विधानसभाओं की सदस्य संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव है। संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है, जिसमें राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 सदस्य हो सकते हैं। इसके अलावा राज्य विधानसभाओं में सदस्यों की अधिकतम संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने का भी प्रस्ताव है।