अभिनेता दिब्येंदु भट्टाचार्य ने एक संवादी सत्र में अपने करियर, पहली कमाई और नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) के अनुभवों को साझा किया। उन्होंने बताया कि उनकी पहली नौकरी NSD रेपर्टरी कंपनी में थी, जहां उन्हें साढ़े पांच हजार रुपये पहली सैलरी के रूप में मिले थे। इस रकम से उन्होंने टीवी और वॉशिंग मशीन खरीदी थी। उन्होंने यह भी बताया कि राजपाल यादव उनके NSD बैचमेट थे और उनके बैच से सबसे पहले फेम पाने वाले भी राजपाल ही थे।

दिब्येंदु ने बताया कि NSD में जाने के साथ ही उन्होंने ठान लिया था कि अभिनेता ही बनेंगे और पीछे मुड़कर नहीं देखेंगे। उनके बैच के करीब सात-आठ लोग एक साथ मुंबई आ गए थे, लेकिन वह NSD रेपर्टरी कंपनी में तीन साल रह गए। उन्होंने कहा कि चूंकि वह बंगाल से आए थे, इसलिए उन्हें लगा कि हिंदी क्षेत्र में काम करने के लिए हिंदी में और काम करना चाहिए। उनके लिए रंगमंच ही सबकुछ था, इसलिए वह उसे आसानी से नहीं छोड़ सके।

संघर्ष के बारे में उन्होंने कहा कि यह हर किसी की जिंदगी में रहता है और यह एक सफर की तरह है, जिसमें उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। उन्होंने कहा कि रास्ते में कभी पानी आता है, कभी रेगिस्तान, लेकिन चलते जाना है। उनके अनुसार, उतार-चढ़ाव आएंगे ही, लेकिन इंसान को कभी यह सोचकर वॉक डाउन नहीं होना चाहिए कि अब क्या करूं।

दिब्येंदु ने बताया कि उन्होंने साल 2000 में फिल्मी दुनिया में कदम रखा और फिल्म मॉनसून वेडिंग में काम किया। वह देव डी और अल्फा जैसी फिल्मों में अपनी अदाकारी के लिए जाने जाते हैं।