लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस के हमलों के बीच डीएमके ने संशोधित परिसीमन विधेयक को समर्थन देने के अपने फैसले का बचाव किया है। डीएमके की वरिष्ठ सांसद कनिमोझी ने शनिवार को दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन अटकलों और आरोपों को खारिज किया, जिनमें कहा जा रहा है कि विधेयक का समर्थन करने का अर्थ भारतीय जनता पार्टी के साथ गठबंधन करना है।

कनिमोझी ने कांग्रेस और वाम दलों का पुराना रिकॉर्ड याद दिलाते हुए सवाल किया कि कई पार्टियां कह रही हैं कि किसी विशेष विधेयक का समर्थन भाजपा के साथ गठबंधन है। उन्होंने कहा कि इन्हीं पार्टियों ने तब भाजपा का समर्थन किया था, जब आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण का विधेयक लाया गया था। उनके मुताबिक कम्युनिस्ट पार्टियों और कांग्रेस ने भी उस बिल का समर्थन किया था।

राहुल गांधी द्वारा परिसीमन विधेयक को लोकतंत्र पर हमला बताए जाने और कुछ दलों को कायर कहे जाने से जुड़े सवाल पर कनिमोझी ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि राहुल किसका जिक्र कर रहे थे, लेकिन गांधी और कांग्रेस डीएमके के इतिहास को अच्छी तरह जानते हैं। उन्होंने हिंदी विरोधी आंदोलन और आपातकाल के दौरान दिए गए बलिदानों का हवाला देते हुए कहा कि डीएमके कभी किसी से नहीं डरी।

कनिमोझी ने स्पष्ट किया कि संशोधित विधेयक में 1971 की जनगणना के अनुपात को आधार बनाकर सभी राज्यों की सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी और अगले 25 सालों तक राज्यों की हिस्सेदारी फ्रीज रखने की डीएमके की मुख्य मांगों को शामिल किया गया है। उन्होंने याद दिलाया कि चेन्नई की बैठक में शामिल कांग्रेस के मुख्यमंत्रियों और केसी वेणुगोपाल ने भी निष्पक्ष परिसीमन और सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी की वकालत की थी। शनिवार शाम कनिमोझी के नेतृत्व में ए. राजा, दयानिधि मारन और टीआर बालू समेत डीएमके सांसदों के प्रतिनिधिमंडल ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर तीन सदस्यीय परिसीमन आयोग में संबंधित राज्य से दो प्रतिनिधियों को शामिल करने का ज्ञापन सौंपा। इधर, डीएमके के समर्थन के ऐलान के बाद लोकसभा सचिवालय ने सदन में 97 सांसदों के बैठने की व्यवस्था बदलते हुए डीएमके के 22 सांसदों की सीटें कांग्रेस से अलग कर दी हैं।