लोकसभा में 132वां संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने में एनडीए को डीएमके का सहयोग मिल सकता है। एमके स्टालिन ने शनिवार को परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि उनकी दो प्रमुख शर्तें मान ली गई हैं, इसलिए यह राज्य की बड़ी जीत है। डीएमके के पास लोकसभा में 22 सांसद हैं, जिससे एनडीए दो तिहाई बहुमत के करीब पहुंच गया है। 8 लोकसभा सांसदों वाली एनसीपी एसपी भी इस विधेयक का समर्थन कर सकती है।

लोकसभा में 30 नवंबर और 1 दिसंबर तथा राज्यसभा में 2 और 3 दिसंबर को विशेष सत्र की बैठक होनी है। इससे पहले अप्रैल में 131वां संविधान संशोधन विधेयक पेश किया गया था, लेकिन वह गिर गया था। डीएमके ने भी उसके विरोध में वोट किया था। तमिलनाडु में टीवीके सरकार को कांग्रेस के समर्थन के बाद डीएमके इंडिया गठबंधन से अलग हो गई है और कांग्रेस से दूरी बनाकर चल रही है।

डीएमके के लिए एनडीए का साथ नया नहीं है। 1998 में बीजेपी ने एआईएडीएमके के साथ मिलकर तमिलनाडु विधानसभा का चुनाव लड़ा था और गठबंधन ने बड़ी जीत हासिल की थी। उस समय एआईएडीएमके के 18 सांसद थे और वह लोकसभा में एनडीए की दूसरी सबसे बड़ी सहयोगी पार्टी थी। लेकिन उसी के समर्थन वापस लेने की वजह से वाजपेयी सरकार एक वोट से गिर गई थी।

1999 के लोकसभा चुनाव में डीएमके और बीजेपी साथ आ गए, जबकि एआईएडीएमके कांग्रेस के साथ हो ली। 2001 के विधानसभा चुनाव में एआईएडीएमके ने फिर से बड़ी जीत हासिल की। 2004 में डीएमके ने एक बार फिर कांग्रेस का रुख किया और 2014 के चुनाव को छोड़कर दोनों का साथ 2026 तक बना रहा। हालांकि 2026 के विधानसभा चुनाव में समीकरण बदल गए, नई पार्टी टीवीके ने सरकार बनाई और कांग्रेस ने उसका समर्थन किया, जिसके बाद से डीएमके कांग्रेस को गद्दार कहने लगी है।