लोकसभा में मोदी सरकार परिसीमन विधेयक लाने जा रही है। अप्रैल में बिल पास नहीं होने के बाद इस बार सरकार ने पूरी तैयारी की है। दोनों सदनों से पास होने के बाद देशभर में लोकसभा की कुल सीटें 543 से बढ़कर 816 हो जाएंगी। इस बार सरकार को शरद पवार की एनसीपी-एसपी और एमके स्टालिन की डीएमके का भी समर्थन मिला है।
डीएमके के कई सांसदों ने शनिवार रात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की। अहम बैठक के बाद पार्टी ने प्रस्तावित परिसीमन और महिला आरक्षण बिल को समर्थन देने की घोषणा की। बैठक के बाद डीएमके सांसद कनिमोझी ने कहा कि वे गृह मंत्री और सरकार को अपना रुख बताने आए थे। उन्होंने बताया कि सुबह एमके स्टालिन ने सांसदों की बैठक बुलाई थी, जिसमें बिल पर रुख तय किया गया और बयान जारी किया गया।
कनिमोझी ने कहा कि डीएमके ने बिल का समर्थन इसलिए किया, क्योंकि पार्टी ने जो मांगें रखी थीं, वे बिल में शामिल कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी ने अगले 25 साल तक रोक रखने पर जोर दिया था, जो बिल में है। उनके अनुसार, सरकार ने सीटें 1971 के आधार पर बढ़ाने पर सहमति जताई है और उस पर 25 साल की रोक भी रखी गई है, जिससे तमिलनाडु के सांसदों की संख्या 39 से बढ़कर 59 हो जाएगी। बिल पास होने के बाद महिला आरक्षण बिल लागू होगा।
इससे पहले डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने बिल के समर्थन की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि पार्टी ने यह फैसला किया है, क्योंकि इसमें उसकी दो मुख्य मांगें शामिल हैं। स्टालिन के अनुसार, लोकसभा में 7.18 प्रतिशत सीट हिस्सेदारी में कटौती न करना और 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच संसदीय प्रतिनिधित्व का मौजूदा अनुपात बनाए रखना उनकी मांगें हैं। उन्होंने कहा कि ये मांगें नए विधेयक में लिखित रूप में शामिल की गई हैं, जबकि अप्रैल में पेश पिछले विधेयक में ये बातें नहीं थीं, इसलिए उसका विरोध किया गया था। स्टालिन ने इसे 2024 से चले संघर्ष की जीत और तमिलनाडु समेत सभी दक्षिणी राज्यों की जीत बताया।
