भारतीय वायुसेना के राफेल विमानों की संख्या को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ब्रिटिश एविएशन मैगजीन फ्लाइटग्लोबल की ताजा रिपोर्ट में भारत के 36 राफेल विमानों में से सिर्फ 32 को ऑपरेशनल बताया गया है। रिपोर्ट में यह नहीं बताया गया कि बाकी चार विमान कहां हैं या उन्हें सक्रिय सूची से क्यों हटाया गया। पूर्व वायुसेना उप प्रमुख एयर मार्शल एन. तिवारी ने इन आंकड़ों को पूरी तरह गलत बताया है और मैगजीन से अपने सूत्रों की विश्वसनीयता की दोबारा जांच करने को कहा है।
दरअसल, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान ने भारत के चार राफेल विमान मार गिराने का दावा किया था। एयर मार्शल तिवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि जिन राफेल विमानों को मार गिराने का दावा किया गया था, वे अंतरराष्ट्रीय सैन्य अभ्यासों में उड़ान भरते दिखे। उन्होंने कहा कि इन्हीं सूत्रों ने पहले उन विमानों के टेल नंबर दिए थे। तिवारी ने भारतीय वायुसेना की पहली महिला राफेल पायलट स्क्वाड्रन लीडर शिवांगी सिंह का भी जिक्र किया और कहा कि इन्हीं सूत्रों ने उनके बंदी बनाए जाने का दावा किया था, जबकि बाद में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ उनकी तस्वीर सामने आई थी।
मैगजीन ने पिछले साल 35 राफेल विमानों को एक्टिव बताया था। फ्लाइटग्लोबल की 2027 वर्ल्ड एयर फोर्सेज डायरेक्टरी रिपोर्ट में 160 देशों के सैन्य विमान बेड़ों के आंकड़े शामिल हैं। इसमें भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों की सूची में राफेल DH/EH की संख्या 32 बताई गई है। भारत ने फ्रांस से कुल 36 राफेल खरीदे थे, जिनमें 28 एक सीट वाले और 8 दो सीट वाले विमान शामिल हैं। रिपोर्ट में संख्या घटाए जाने का कोई कारण या समर्थन में सबूत नहीं दिया गया है। यह रिपोर्ट ब्रिटेन की एविएशन डेटा और एनालिटिक्स कंपनी सीरियम के आंकड़ों के आधार पर तैयार की गई है।
फ्लाइटग्लोबल की रिपोर्ट सामने आने के बाद पाकिस्तान ने इसे अपने दावे के समर्थन में पेश किया। पाकिस्तान के अखबार डॉन ने भी रिपोर्ट के आंकड़ों को इस दावे की पुष्टि के तौर पर पेश किया। हालांकि, पाकिस्तान ने अपने दावे के समर्थन में राफेल विमानों के मलबे या सैटेलाइट तस्वीरों जैसे सत्यापित सबूत पेश नहीं किए हैं। भारत के रक्षा अधिकारियों ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान विमान खोने की बात स्वीकार की थी, लेकिन विमानों की संख्या और उनके प्रकार की जानकारी नहीं दी थी। उन्होंने पाकिस्तान के चार राफेल गिराने के दावे को खारिज किया था। जून 2026 में भारतीय वायुसेना ने सभी 36 राफेल विमानों के लिए ब्रिज सपोर्ट मांगा था, हालांकि इससे यह साबित नहीं होता कि सभी 36 विमान एक ही समय पर ऑपरेशनल थे।
