अमेरिका के पहले राष्ट्रपति जॉर्ज वॉशिंगटन के बालों की नीलामी हुई है। रिचमंड ऑक्शन्स के अनुसार, फ्रेम में जड़े इन बालों के लिए 4,000 डॉलर (करीब 3 लाख 70 हजार रुपए) की बोली लगी। नीलामी करने वाली संस्था ने बताया कि ये बाल जॉन गैड्सबी के पास थे। साल 1799 में अपने जीवन के अंतिम दिनों में वॉशिंगटन गैड्सबी के मेहमान थे, तभी उन्होंने बालों का एक गुच्छा संभालकर रख लिया था। ये बाल सालों तक गैड्सबी के परिवार के पास रहे और बाद में उनके एक वंशज से संग्रहकर्ता जॉन लैटीमर को मिले। खरीदार की पहचान अभी सामने नहीं आई है।

रिचमंड ऑक्शन्स की वेबसाइट पर मौजूद गैड्सबी की पोती जूलिया टेन आइक मैकब्लेयर के 1928 के बयान के अनुसार, गैड्सबी वर्जीनिया के एलेक्जेंड्रिया शहर के रहने वाले थे, जो 1799 में एक कस्बा था। उन्होंने वॉशिंगटन की मौत से कुछ समय पहले उन्हें रात के खाने पर बुलाया था। मैकब्लेयर ने बताया कि उनके दादा को ये बाल दोस्ती और अंतिम दिनों में साथ रहने की वजह से मिले थे। उन्होंने इन्हें फ्रेम कराकर वॉशिंगटन सिटी स्थित अपने घर में जनरल वॉशिंगटन की तस्वीर के नीचे टांग दिया था। ऑक्शन हाउस के मुताबिक, गैड्सबी ने 1798 और 1799 में वॉशिंगटन के आखिरी दो जन्मदिन समारोहों की मेजबानी की थी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह वॉशिंगटन के बालों की अब तक की सबसे महंगी नीलामी नहीं है। पांच साल पहले 2021 में एक लॉकेट में रखे उनके बालों के तीन रेशे करीब 40,000 डॉलर में बिके थे। माना जाता है कि ये बाल उनकी मृत्यु के समय लिए गए थे। वॉशिंगटन के बालों के कम से कम 50 नमूने उनके पूर्व निवास माउंट वर्नोन, जो अब संग्रहालय है, में मौजूद हैं। माउंट वर्नोन की वेबसाइट के अनुसार, अपनों के बालों को प्रदर्शित करने का चलन 19वीं सदी में चरम पर था और वॉशिंगटन जैसे संपन्न परिवारों में यह काफी पहले से लोकप्रिय था।

वॉशिंगटन से जुड़ी अन्य चीजें भी नीलामी में अच्छी कीमत पर बिकी हैं। इसी साल जुलाई में 1776 का उनका एक हस्ताक्षरित पत्र 109,800 डॉलर में बिका था, जिसमें उन्होंने अंग्रेजों से लड़ने के लिए कॉन्टिनेंटल आर्मी में सैनिकों की मांग की थी। गौरतलब है कि वॉशिंगटन ने अंग्रेजों के खिलाफ अमेरिकी सेना का नेतृत्व किया और संविधान बनाने में मदद की। 1788 में वे अमेरिका के पहले राष्ट्रपति बने और दो कार्यकाल पूरे करने के बाद 1797 में पद से हट गए।