बदायूं के ककोड़ा मेले में गंगा की रेती पर तंबुओं में कल्पवास कर रहे श्रद्धालु दस दिन तक घर-परिवार और सुख-सुविधाओं से दूर रहकर संयमित जीवनशैली अपनाते हैं। साधु-संतों का प्रवास, सत्संग, जप-तप और धार्मिक अनुष्ठान इस मेले को आध्यात्मिक चेतना का केंद्र बनाते हैं।

रुहेलखंड के प्रसिद्ध मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में इन दिनों गंगा की रेती पर आस्था और अध्यात्म की अनूठी दुनिया बसी है। मेले में श्रद्धालुओं की भीड़, बाजार और मनोरंजन के साधनों के बीच तंबुओं में साधना कर रहे कल्पवासी और दशकों से यहां पहुंच रहे साधु-संत इसकी धार्मिक पहचान को विशेष बनाते हैं। गंगा तट पर साधु-संतों का प्रवास, सत्संग, जप-तप और धार्मिक अनुष्ठान मेले को आध्यात्मिक चेतना का केंद्र बनाते हैं।

गंगा की रेती पर तंबुओं में रहने वाले कल्पवासियों की दुनिया मेले की चकाचौंध से अलग है। ये श्रद्धालु दस दिन तक घर-परिवार की सुख-सुविधाओं से दूर रहकर संयमित जीवनशैली अपनाते हैं। उनके लिए कल्पवास घूमने-फिरने का नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि और ईश्वर आराधना का अवसर होता है। भोर से पहले उनकी दिनचर्या शुरू हो जाती है। गंगा स्नान के बाद पूजा-पाठ, जप, ध्यान और धार्मिक चर्चा में समय व्यतीत होता है। दिन में सत्संग और शाम को गंगा तट पर दीपदान उनकी दिनचर्या का हिस्सा है। कई तंबुओं में सामूहिक भजन-कीर्तन भी होते हैं।

कल्पवास की परंपरा कई परिवारों में पीढ़ियों से चली आ रही है। सिलहरी निवासी राम सिंह पटेल बताते हैं कि उनका परिवार कई पीढ़ियों से मेला ककोड़ा में आ रहा है। कुर्मियान समाज के लोगों के लिए यह मेला पारिवारिक मिलन और धार्मिक उत्साह का अवसर भी होता है। कासगंज के नगरिया से आईं सीमा सिंह भी परिवार और रिश्तेदारों के साथ गंगा तट पर समय बिताने को विशेष अनुभव मानती हैं।

कार्तिक माह की षष्ठी पर छठ पूजा और गंगा पूजन, अष्टमी पर गोपाष्टमी, अक्षय नवमी, देवोत्थान एकादशी पर भगवान की आराधना और तुलसी विवाह जैसे आयोजन कल्पवास की धार्मिक दिनचर्या को विशेष बनाते हैं। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान और दीपदान का विशेष महत्व है। स्वामी वासुदेवाचार्य बताते हैं कि कार्तिक में गंगा स्नान की विशेष महिमा है। मान्यता है कि पांच दिन कल्पवास कर पूर्णिमा पर स्नान करने से भी महीने भर के कल्पवास के बराबर पुण्य प्राप्त होता है। वे कहते हैं कि वह दशकों से मेला ककोड़ा में आ रहे हैं और मेले के उद्घाटन के बाद मां गंगा की पूजा-अर्चना, ध्यान और साधना में ही पूरा समय व्यतीत होता है। डॉ. राम प्रकाश शास्त्री के अनुसार मां गंगा जीवनदायिनी हैं और उनका सानिध्य आत्मिक शांति प्रदान करता है।

शाहजहांपुर के वासुदेवाचार्य कहते हैं कि तीर्थ और धार्मिक मेले भारतीय सनातन परंपरा को पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ाने के सशक्त माध्यम हैं। मां गंगा के पावन तट पर साधु-संतों का सानिध्य, सत्संग और भजन-कीर्तन मनुष्य के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाते हैं। सोहम गीता मंदिर, बदायूं के आचार्य त्रिलोक कृष्ण मुरारी के अनुसार कल्पवास भारतीय ऋषि परंपरा की महत्वपूर्ण साधना है, जिसमें मनुष्य सांसारिक मोह-माया से दूर रहकर आत्मचिंतन, ईश्वर आराधना और आध्यात्मिक अनुशासन अपनाता है। मां गंगा का सानिध्य जीवन को नई दिशा देता है।