करनाल के राहड़ा गांव निवासी 43 वर्षीय भूपेंद्र राणा की अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित एक एयरपोर्ट पर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट की लिफ्ट में गिरने के बाद हार्ट अटैक से उनकी जान गई। वह अपनी बेटी की शादी में शामिल होने के लिए भारत लौट रहे थे। शनिवार सुबह गांव में मौत की सूचना पहुंचते ही परिवार और ग्रामीणों में शोक छा गया।
ग्रामीण विजय राणा के अनुसार, भूपेंद्र करीब चार साल पहले बेहतर भविष्य की उम्मीद में डंकी रूट से अमेरिका गए थे। इसके लिए उन्होंने करीब 50 लाख रुपये खर्च किए थे और जमीन भी बेचनी पड़ी थी। अमेरिका में वह ट्रक चलाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। उनके परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। भूपेंद्र अपने परिवार का इकलौता बेटा था और उनके पिता शमशेर राणा का पहले ही निधन हो चुका है।
बताया गया कि भूपेंद्र की तबीयत कुछ समय से ठीक नहीं चल रही थी। वह बेटी की शादी के लिए भारत आने की तैयारी में थे, इसी दौरान एयरपोर्ट पर यह हादसा हो गया। उनकी फ्लाइट में आठ घंटे बाकी थे। मार्च 2027 में उनकी बेटी की शादी होनी है। परिवार को उनके घर लौटने का इंतजार था।
भूपेंद्र की मौत की खबर से गांव में मातम पसरा हुआ है। परिवार के सदस्य उनके पार्थिव शरीर के भारत पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं। परिवार ने सरकार से गुहार लगाई है कि भूपेंद्र के शव को भारत लाया जाए ताकि उनका गांव में ही अंतिम संस्कार किया जा सके।
