दक्षिण अमेरिकी देश पेरू में शुक्रवार शाम स्थानीय समयानुसार 6.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। इसके झटके राजधानी लीमा तक महसूस किए गए, जहां डर के मारे लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। पेरू के जियोफिजिक्स इंस्टीट्यूट के अनुसार, भूकंप का केंद्र एंडियन क्षेत्र के जुनिन में जमीन से 129 किलोमीटर की गहराई पर था।
जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज ने भूकंप की तीव्रता 6.8 मैग्नीट्यूड बताई है, जबकि अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार यह 6.7 तीव्रता का था। अधिकारियों ने अभी तक जान-माल के नुकसान की किसी खबर की पुष्टि नहीं की है। सुनामी को लेकर भी किसी खतरे की जानकारी नहीं है। अमेरिका के राष्ट्रीय सुनामी चेतावनी केंद्र ने पुष्टि की है कि कैलिफोर्निया, ओरेगन, वॉशिंगटन, ब्रिटिश कोलंबिया या अलास्का में सुनामी का कोई खतरा नहीं है। टेलीविजन पर प्रसारित फुटेज में लीमा में सांसदों को कांग्रेस से बाहर निकलते देखा गया।
पेरू की भौगोलिक स्थिति इसे भूकंप के लिए बेहद संवेदनशील बनाती है। यह देश प्रशांत महासागर के 'रिंग ऑफ फायर' क्षेत्र में स्थित है, जो चारों ओर फैला करीब 40,000 किलोमीटर का इलाका है। यहां कई ज्वालामुखी और फॉल्ट लाइनें हैं और दुनिया के ज्यादातर भूकंप इसी क्षेत्र में दर्ज किए जाते हैं। यह एक प्रमुख टेक्टोनिक सीमा है, जहां प्लेटों के टकराने के कारण तेज भूकंप का खतरा बना रहता है।
इस साल अगस्त में पेरू के एंडीज क्षेत्र में 6.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया था, जिसमें दो लोग घायल हुए थे और कई घरों, स्कूलों तथा स्वास्थ्य केंद्रों की इमारतों को नुकसान पहुंचा था। इससे पहले जुलाई में जुनिन क्षेत्र में 5.5 मैग्नीट्यूड के भूकंप में छह लोगों की मौत हुई थी और करीब 30 लोग घायल हुए थे।
