केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को दावा किया कि कश्मीर घाटी में अब कोई सक्रिय स्थानीय आतंकी नहीं बचा है और वहां जो आतंकी सक्रिय हैं, वे सभी पाकिस्तानी हैं। उन्होंने यह बात अरुणाचल प्रदेश के बांदेरदेवा में राष्ट्रपति पुलिस कलर समारोह में कही।

शाह के इस दावे के पीछे पुलवामा में हुई एक मुठभेड़ का जिक्र है, जिसमें कश्मीर पुलिस ने लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आखिरी ज्ञात स्थानीय आतंकी को मार गिराया। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक यह आतंकी घाटी में सक्रिय आखिरी स्थानीय लश्कर आतंकी था। बताया गया है कि पिछले पांच दिनों में लश्कर से जुड़े दो आतंकियों को अलग-अलग मुठभेड़ों में मार गिराया गया था।

गृह मंत्री ने 1990 के दशक की उथल-पुथल की तुलना मौजूदा सुरक्षा स्थिति से की। उन्होंने कहा कि 2019 में अनुच्छेद 370 हटने के बाद कश्मीरी युवाओं में अलगाववाद की भावना खत्म हो गई है। शाह ने कहा कि जब 2019 में अनुच्छेद 370 हटाया गया था, तब पूरा विपक्ष एकजुट होकर पूछ रहा था कि अनुच्छेद 370 और आतंकवाद का क्या संबंध है।

शाह ने कहा कि आज वह पूरे देश से गर्व के साथ कह सकते हैं कि अनुच्छेद 370 हटने से कश्मीर के युवाओं में अलगाववाद की भावना खत्म हो गई है। उनके मुताबिक इसका नतीजा यह है कि आज कश्मीर घाटी में एक भी कश्मीरी युवा आतंकी नहीं है, जो सभी के लिए गर्व और सम्मान की बात है।